एक बार फिर प्रसूता व नवजात की मौत,सिंह हेल्थ केयर हॉस्पिटल में फिर लापरवाही, हॉस्पिटल सीज
एक बार फिर प्रसूता व नवजात की मौत,सिंह हेल्थ केयर हॉस्पिटल में फिर
8:11 PM, Jul 10, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र)। रॉबर्ट्सगंज नगर के इमरती कॉलोनी के सामने स्थित सिंह हेल्थ केयर हॉस्पिटल में प्रसूता और नवजात की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर उपचार में लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है।जानकारी के अनुसार पन्नूगंज थाना क्षेत्र के बेलखुरी गांव निवासी मीना देवी (32), पत्नी राजेश, को 9 जुलाई को प्रसव के लिए सिंह हेल्थ केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे उनका ऑपरेशन किया गया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद प्रसूता और नवजात दोनों की हालत लगातार बिगड़ने लगी। गंभीर स्थिति होने पर अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया।परिजनों के अनुसार वाराणसी पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि प्रसूता और नवजात दोनों की पहले ही मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन सिंह हेल्थ केयर हॉस्पिटल पहुंच गए, जहां अस्पताल परिसर के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई। दोनों के शव वाराणसी से रॉबर्ट्सगंज लाए जा रहे हैं।घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय की टीम ने सिंह हेल्थ केयर हॉस्पिटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। स्वास्थ्य विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।समाचार लिखे जाने तक अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
यह भी पढ़ें






