हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू, 20 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन
हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू, 20 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन
5:26 PM, Jun 25, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

हज कमेटी ऑफ इंडिया ने जारी किए दिशा-निर्देश, चयनित यात्रियों को 10 अगस्त तक जमा करनी होगी अग्रिम राशि
सोनभद्र। अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय एवं हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। पात्र एवं इच्छुक भारतीय नागरिक 20 जुलाई 2026 की रात्रि 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन हज कमेटी ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट तथा ‘हज सुविधा’ मोबाइल एप के माध्यम से किए जा सकेंगे।जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा ने बताया कि हज-2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया 22 जून 2026 से प्रारंभ हो चुकी है। निर्धारित अंतिम तिथि के बाद किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा जुलाई 2026 के अंतिम सप्ताह में कुर्रा (डिजिटल रैंडम चयन) प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।चयनित हज यात्रियों को 10 अगस्त 2026 तक 1,52,300 रुपये की अग्रिम राशि जमा करनी होगी। हज कमेटी ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमाओं में किसी प्रकार का विस्तार या विशेष छूट प्रदान नहीं की जाएगी।अधिकारियों ने आवेदकों से अपील की है कि आवेदन करने से पूर्व जारी दिशा-निर्देशों, घोषणा-पत्रों एवं प्रतिज्ञापत्रों का सावधानीपूर्वक अध्ययन कर अपनी पात्रता सुनिश्चित कर लें।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें
आवेदन के साथ मशीन-पठनीय भारतीय पासपोर्ट के प्रथम एवं अंतिम पृष्ठ, नवीन पासपोर्ट आकार का फोटो, बैंक पासबुक अथवा निरस्त चेक तथा पते के प्रमाण की स्कैन प्रतियां निर्धारित प्रारूप में अपलोड करना अनिवार्य होगा।हज कमेटी ऑफ इंडिया ने यह भी स्पष्ट किया है कि हज सीट का निरस्तीकरण हतोत्साहित किया जाता है, क्योंकि इससे व्यवस्थागत एवं परिचालन संबंधी कठिनाइयां उत्पन्न होती हैं।
इसलिए इच्छुक आवेदकों को पूरी तैयारी एवं यात्रा के प्रति प्रतिबद्धता सुनिश्चित करने के बाद ही आवेदन करने की सलाह दी गई है। सीट निरस्त करने की स्थिति में हज-2027 के दिशा-निर्देशों के तहत निर्धारित दंडात्मक प्रावधान लागू होंगे।जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने जनपद के इच्छुक नागरिकों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने तथा सभी आवश्यक दस्तावेजों को निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार रखने की अपील की है।






