दुद्धी में ताबड़तोड़ चोरी से दहशत, एक घर में चोरी का प्रयास तो दूसरे से लाखों के जेवर पार
दुद्धी में ताबड़तोड़ चोरी से दहशत, एक घर में चोरी का प्रयास तो दूसरे से लाखों के जेवर पार
7:35 PM, May 13, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Jitendra Kumar chandrwanshi

दुद्धी। नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोग अभी उबर भी नहीं पाए थे कि मंगलवार देर रात चोरों ने फिर ताबड़तोड़ वारदात को अंजाम देकर लोगों में दहशत फैला दी। एक घर में चोरी का प्रयास विफल रहा, जबकि दूसरे घर से नकदी व जेवरात पर हाथ साफ कर चोर फरार हो गए।जानकारी के अनुसार ग्राम धनौरा निवासी राधेश्याम मिश्रा पुत्र स्वर्गीय हरिशंकर मिश्रा मंगलवार रात घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद कर परिवार के साथ सोने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उनकी पत्नी शौचालय गईं, जहां उन्होंने काले रंग की कच्छा-बनियान पहने एक युवक को घर में घूमते देखा। बाहर आने पर उन्होंने इसकी जानकारी पति को दी, लेकिन उन्हें लगा कि ऊपर रहने वाले बच्चे दूध लेने आए होंगे।कुछ देर बाद चोरों ने कमरे के बाहर की कुंडी बंद कर दी। रात में खटपट की आवाज सुनाई दी, जिसे परिवार ने बिल्ली समझकर नजरअंदाज कर दिया। सुबह पड़ोस में चोरी की जानकारी मिलने पर उन्हें एहसास हुआ कि उनके घर में भी चोरी का प्रयास किया गया था, हालांकि चोर सफल नहीं हो सके।वहीं गांव के ही दयाशंकर तिवारी पुत्र राम अधीन तिवारी, जो हिंडालको से सेवानिवृत्त हैं, के घर चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया। घटना के समय घर में उनकी बुजुर्ग मां और बेटा मौजूद थे। देर रात चोर पीछे के रास्ते से घर में घुसे और कमरे व गेट का ताला तोड़कर अलमारी का लॉकर तोड़ दिया।पीड़ित परिवार के अनुसार चोर सोने का ब्रेसलेट, अंगूठी, चांदी का कंगन, बेरवा और कमरधन सहित अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घर में आहट होने पर परिवार की नींद खुली तो टूटी कुंडी और बिखरा सामान देख सभी हैरान रह गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश राय, प्रभारी निरीक्षक दुद्धी व पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।
यह भी पढ़ें






