निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान राजगीर की मौत, सिर में चोट लगने की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान राजगीर की मौत, सिर में चोट लगने की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
6:31 AM, Jul 6, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बहुअरा गांव के करैनी टोला निवासी 54 वर्षीय राजगीर मिस्त्री फूलचंद्र चौहान की निर्माणाधीन मकान में काम करने के दौरान सिर में गंभीर चोट लगने से मौत हो गई। घटना संदिग्ध परिस्थितियों में होने के कारण पुलिस मामले की जांच कर रही है।जानकारी के अनुसार, फूलचंद्र चौहान शनिवार शाम करीब पांच बजे मधुपुर क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान में पिलर की ढलाई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उनके सिर और माथे पर गंभीर चोट लग गई। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने उन्हें घायल अवस्था में देखा और इसकी सूचना मकान मालिक को दी।मकान मालिक घायल फूलचंद्र को पहले एक निजी चिकित्सक के पास ले गया, जहां उनका उपचार शुरू कराया गया। आरोप है कि काफी देर तक घटना की जानकारी उनके परिजनों को नहीं दी गई। हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मधुपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।इसके बाद मकान मालिक ने फूलचंद्र की पत्नी प्रमिला देवी और पुत्री को घटना की सूचना दी। परिजनों का कहना है कि जब वे सीएचसी मधुपुर पहुंचे तो फूलचंद्र की हालत बेहद गंभीर थी। उनका आरोप है कि मकान मालिक जिला अस्पताल ले जाने की सलाह देकर वहां से चला गया। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान चोट कैसे लगी और इसके पीछे क्या कारण रहे, इसकी सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें






