शादी समारोह में आया 12 वर्षीय बालक पांडु नदी में डूबा, घर की खुशियां मातम में बदलीं
शादी समारोह में आया 12 वर्षीय बालक पांडु नदी में डूबा, घर की खुशियां मातम में बदलीं
8:48 PM, May 15, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र। कोन थाना क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार दोपहर पांडु नदी में डूबने से एक 12 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद शादी वाले घर की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, झारखंड राज्य के केतार थाना क्षेत्र स्थित बीजडी गांव निवासी 12 वर्षीय कालू राम पुत्र उमेश राम अपने माता-पिता के साथ कोन क्षेत्र में प्रदीप भारती के घर शादी समारोह में शामिल होने आया था। बताया गया कि 14 मई को प्रदीप भारती के पुत्र की बारात गई थी, जिसकी शुक्रवार सुबह वापसी हुई थी। घर में शादी की रस्में चल रही थीं और खुशी का माहौल था।
इसी दौरान दोपहर में कालू राम अपने कुछ साथियों के साथ घर के पास स्थित पांडु नदी में नहाने चला गया। बताया जा रहा है कि नदी के कुछ हिस्सों में पानी काफी गहरा है। नहाते समय कालू राम अनजाने में गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बालक को नदी से बाहर निकाला। आनन-फानन में एंबुलेंस से उसे सरकारी अस्पताल कोन पहुंचाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद बालक को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। शादी वाले घर में अचानक मातम छा गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बाद में मृतक के माता-पिता रोते-बिलखते शव को लेकर अपने पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए।
यह भी पढ़ें






