सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवती की मौत, मुकदमा दर्ज
सोनभद्र। कोन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कचनरवा के टोला बैसाहूखाड़ी में सोमवार देर शाम सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवती की मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
8:16 PM, Aug 25, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र। कोन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कचनरवा के टोला बैसाहूखाड़ी में सोमवार देर शाम सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवती की मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।कचनरवा गांव के टोला बैसाहूखाड़ी निवासी भुनेश्वर उरांव की 21 वर्षीय पुत्री किरन कुमारी सोमवार देर शाम कचनरवा कस्बे से सब्जी और अन्य घरेलू सामान लेकर पैदल अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान गैस गोदाम असनावांध से पहले मुख्य मार्ग पर विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी।टक्कर लगने से किरन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों की मदद से परिजन और ग्रामीण घायल युवती को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोन लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।युवती की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।प्रभारी निरीक्षक कोन अखिलेश कुमार मिश्र ने बताया कि मृतका के पिता भुनेश्वर उरांव पुत्र स्व. रामधनी उरांव निवासी कचनरवा टोला बैसाहूखाड़ी की तहरीर पर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक शिवनारायण यादव को सौंपी गई है। पुलिस हादसे में शामिल बाइक और उसके चालक की पहचान करने के लिए जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें






