मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 60 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 60 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
5:03 PM, Jun 23, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Sanjay singh

मंगलगीतों के बीच संपन्न हुआ सामूहिक विवाह समारोह, जनप्रतिनिधियों ने दिया आशीर्वाद
रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मंगलवार को विकास बैंक्वेट, मुसही (चुर्क रोड) में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सम्मानजनक वैवाहिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 60 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे।समारोह में 58 हिंदू एवं 2 मुस्लिम जोड़ों का विवाह उनके धार्मिक रीति-रिवाजों और परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया गया। विवाह स्थल पर मंगलगीतों, शुभकामनाओं और उत्साह का माहौल बना रहा। नवदंपत्तियों के चेहरों पर नई जिंदगी की खुशियां साफ झलक रही थीं।
कार्यक्रम में सांसद छोटेलाल खरवार, सदर विधायक भूपेश चौबे, ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत तथा नगर पालिका परिषद रॉबर्ट्सगंज की अध्यक्ष रूबी प्रसाद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं समृद्ध दांपत्य जीवन की कामना की।
विज्ञापन
जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लाभार्थी जोड़ों में विकास खंड रॉबर्ट्सगंज के 32, चतरा के 13, नगवां के 5, नगर पालिका परिषद रॉबर्ट्सगंज के 8 तथा नगर पंचायत चुर्क के 2 जोड़े शामिल रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में समाज कल्याण विभाग, विकास विभाग एवं पुलिस प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े को कुल एक लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाती है।
यह भी पढ़ें
इसमें 64 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित किए जाते हैं, जबकि 21 हजार रुपये मूल्य की गृहस्थी एवं उपहार सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। शेष धनराशि विवाह आयोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं पर व्यय की जाती है।
विज्ञापन
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, डीसी मनरेगा रविन्द्र वीर सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्तार, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 24 जून को दुद्धी तथा 29 जून को शाहगंज में भी सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना का लाभ मिल सके।






