विदाई से एक दिन पहले महिला ने पी लिया सिंदूर, हालत बिगड़ने पर अस्पताल में कराया गया भर्ती
विदाई से एक दिन पहले महिला ने पी लिया सिंदूर, हालत बिगड़ने पर अस्पताल में कराया गया भर्ती
11:55 AM, May 28, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

राजगढ़। क्षेत्र के सारंगा गांव में एक महिला ने ससुराल विदाई से एक दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में सिंदूर पी लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजनों ने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार सारंगा गांव निवासी 29 वर्षीय महिला का विवाह घोरावल थाना क्षेत्र में हुआ था। ससुराल में किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद वह पिछले दो वर्षों से मायके में रह रही थी। परिवार के लोग अब उसकी विदाई कर पुनः ससुराल भेजने की तैयारी में जुटे थे।महिला के पिता ने बताया कि बेटी की विदाई के लिए साड़ी, कपड़े एवं अन्य जरूरी सामान की खरीदारी की जा रही थी और बृहस्पतिवार को उसकी विदाई तय थी। लेकिन विदाई से एक दिन पहले मंगलवार की देर शाम महिला ने अचानक सिंदूर पी लिया।
सिंदूर पीने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों ने आनन-फानन में एंबुलेंस की मदद से उसे सीएचसी राजगढ़ पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया।
सीएचसी राजगढ़ में आकस्मिक ड्यूटी पर तैनात डॉ. सर्वेश कुमार पांडे ने बताया कि उपचार के बाद महिला की हालत में सुधार हो रहा है और फिलहाल वह खतरे से बाहर है।
यह भी पढ़ें






