रॉबर्ट्सगंज विद्युत कार्यालय में युवक से मारपीट का आरोप, कर्मचारी पर कार्रवाई की मांग
रॉबर्ट्सगंज विद्युत कार्यालय में युवक से मारपीट का आरोप, कर्मचारी पर कार्रवाई की मांग
8:44 PM, May 5, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज स्थित विद्युत विभाग कार्यालय में एक युवक के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। करमा थाना क्षेत्र के खैराही गांव निवासी मोहम्मद अप्सर ने विभाग के एक कर्मचारी पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।पीड़ित के अनुसार, वह अपने पिता के नाम पर चल रहे बिजली कनेक्शन को कटवाने के लिए पिछले करीब सवा महीने से विभाग के चक्कर लगा रहे थे। हर बार उन्हें नए कागजात लाने के लिए कहा जाता था।बताया गया कि 5 मई की शाम अप्सर सभी आवश्यक दस्तावेज लेकर रॉबर्ट्सगंज स्थित एक्सईएन कार्यालय पहुंचे और वहां मौजूद बाबू कृष्णा सोनी को कागजात दिखाए। आरोप है कि कागजात देखने के बाद कर्मचारी ने उनसे अभद्र भाषा में बात की और बार-बार आने पर आपत्ति जताई। इस पर जब पीड़ित ने काम में देरी को लेकर सवाल किया, तो कर्मचारी कथित तौर पर भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए थप्पड़ मार दिए।घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें संबंधित कर्मचारी को मारपीट और धमकी भरे शब्द कहते हुए सुना जा रहा है।घटना के बाद पीड़ित ने रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सभी दस्तावेज पूरे होने के बावजूद उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा था।वहीं, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता ओपी गुप्ता ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। प्रारंभिक जांच में उपलब्ध वीडियो और ऑडियो के आधार पर कर्मचारी की अनुशासनहीनता सामने आ रही है।विभाग की ओर से आश्वासन दिया गया है कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और निलंबन की संस्तुति उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। फिलहाल मामले की पुलिस और विभागीय स्तर पर जांच जारी है।
यह भी पढ़ें






