होमवीडियो LIVE
BREAKING
विज्ञापन

पिपरी पुलिस को बड़ी सफलता, नाबालिग किशोरी का बाल विवाह कराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

पिपरी पुलिस को बड़ी सफलता, नाबालिग किशोरी का बाल विवाह कराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

8:51 PM, May 28, 2026

Share:

Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

पिपरी पुलिस को बड़ी सफलता, नाबालिग किशोरी का बाल विवाह कराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
हमसे जुड़ने के लिए फॉलो करें:
Instagram
सोन प्रभात लाइव न्यूज़ डेस्क



सोनभद्र। थाना पिपरी पुलिस ने नाबालिग किशोरी का बाल विवाह कराने, परिवार को डरा-धमकाकर बंधक बनाने तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से मानव तस्करी और बाल विवाह जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त गिरोह के नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना पिपरी क्षेत्र के मलीन बस्ती वार्ड नंबर-01 तुर्रा निवासी पवन कुमार पुत्र स्वर्गीय कमाल धरिकार ने दिनांक 21 मई 2026 को थाना पिपरी में सूचना दी थी कि उनकी पत्नी बच्चों सहित बिना बताए घर से कहीं चली गई है। मामले में पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की।
पिपरी पुलिस द्वारा गंभीरता और तत्परता से की गई कार्रवाई के दौरान दिनांक 23 मई 2026 को महिला एवं उसके बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया गया। घर लौटने के बाद पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसे और उसके बच्चों को कामेश्वर बैठा निवासी रेनुकूट तथा बाबा जी नामक व्यक्ति बहला-फुसलाकर अलीगढ़ ले गए थे। वहां उसकी करीब 13 वर्षीय नाबालिग पुत्री का विवाह लोकेश नामक युवक से करा दिया गया।
पीड़िता ने यह भी बताया कि अलीगढ़ में उन्हें डरा-धमकाकर रखा गया तथा किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। किसी तरह मौका मिलने पर पीड़िता ने लोकेश के मोबाइल फोन से अपने पति को सूचना दी, जिसके आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी को सुरक्षित बरामद कर लिया।
इस मामले में थाना पिपरी पर मु0अ0सं0-102/2026 के तहत धारा 61(2), 87, 137(2), 351(3) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान मामले की गंभीरता को देखते हुए धारा 64(2)(ड), 65(1) बीएनएस, 5(L)/6 पॉक्सो एक्ट तथा 9/10 बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाई गईं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष राजेश जी चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दिनांक 28 मई 2026 को नौकुटिया मोड़ के पास से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अलीगढ़ निवासी 19 वर्षीय लोकेश कुमार उर्फ मुच्ची शर्मा तथा झारखंड निवासी कामेश्वर बैठा शामिल हैं, जो वर्तमान में पिपरी क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया है।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों ने चौंकाने वाले खुलासे किए। पुलिस के अनुसार आरोपी आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों से संपर्क स्थापित करते थे और मोटी रकम लेकर गरीब एवं नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाते थे। इसके बाद लड़कियों को उनके परिवार से दूर अन्य जनपदों में ले जाकर दबाव और बहकावे में रखकर विवाह कराया जाता था।
इस पूरी कार्रवाई में थानाध्यक्ष राजेश जी चौबे, उपनिरीक्षक हीरा लाल यादव, हेड कांस्टेबल प्रभू नारायण तथा कांस्टेबल रोहित यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सम्बंधित खबर

शहरी खबरें

और पढ़ें

Breaking से पहले Believing —
Son Prabhat News, since 2019

Follow Us:

Instagram

Download App

Play Store

Subscribe Now

Play StoreSonprabhat Live

© Copyright Sonprabhat 2026. All rights reserved.

Developed by SpriteEra IT Solutions