भूजल संरक्षण का लिया सामूहिक संकल्प, जल बचाने का दिया संदेश
भूजल संरक्षण का लिया सामूहिक संकल्प, जल बचाने का दिया संदेश
8:16 PM, Jul 22, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Babu lal sharma

।
विकासखंड म्योरपुर की ग्राम पंचायत फरीपान स्थित ग्राम निर्माण केंद्र परिसर में बुधवार को नाबार्ड, बनवासी सेवा आश्रम एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में भूजल सप्ताह के अवसर पर जल संरक्षण एवं भूजल संवर्धन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और प्राकृतिक संसाधनों के संतुलित उपयोग के प्रति जागरूक करते हुए सामूहिक संकल्प दिलाया गया।मुख्य अतिथि नाबार्ड के डीडीएम आनंद कुमार पांडेय ने कहा कि "पानी बचाना ही भविष्य को सुरक्षित करना है। पानी को बहने न दें, क्योंकि यदि पानी दूर चला गया तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ेगा।" उन्होंने लोगों से घरों में अनावश्यक रूप से टोंटी खुली न छोड़ने, खेत का पानी खेत में ही रोकने तथा प्रकृति संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।सांगोबांध जल छाजन समिति के प्रतिनिधि रमेश यादव एवं मुलायम सिंह यादव ने बताया कि नाबार्ड के सहयोग से समिति क्षेत्र के लगभग 1100 हेक्टेयर क्षेत्र में वर्षा जल संरक्षण एवं भूजल रिचार्ज का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल संकट से निपटने के लिए सामुदायिक भागीदारी सबसे प्रभावी उपाय है।कार्यक्रम में जल चक्र की वैज्ञानिक प्रक्रिया पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि वाष्पीकरण, वर्षा और भूजल पुनर्भरण एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। पेड़-पौधे वर्षा जल को भूमि में समाहित कर भूजल स्तर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए अधिक से अधिक पौधरोपण और जल संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।वन विभाग के रेंजर जबर सिंह ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों और जंगलों का अंधाधुंध दोहन भविष्य के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। उन्होंने लोगों से आवश्यकता के अनुरूप ही पानी का उपयोग करने तथा जल एवं वन संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी समझने की अपील की।सुभाष शाही एवं जगत नारायण विश्वकर्मा ने भी जंगलों के संरक्षण और जल बचत को जनआंदोलन बनाने पर जोर देते हुए कहा कि यदि मानव अपने दैनिक व्यवहार में बदलाव नहीं लाएगा तो भविष्य में जल संकट और विकराल रूप ले सकता है।कार्यक्रम का संचालन रमेश यादव ने किया। अंत में सभी उपस्थित ग्रामीणों ने जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और भूजल संवर्धन का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर पौधरोपण भी किया गया।कार्यक्रम में विद्या पांडेय, सर्वेश यादव, प्रेम कुमारी, बेचन, कैलाश, उदय कुमार, दीपनारायण सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें






