सोनभद्र में संचारी एवं दस्तक अभियान तेज, 1,895 स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
सोनभद्र में संचारी एवं दस्तक अभियान तेज, 1,895 स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
8:44 PM, Jul 14, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में जनपद में 1 जुलाई 2026 से संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11 जुलाई 2026 से दस्तक अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत संक्रामक एवं वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई, जनजागरूकता और रोगियों के चिन्हीकरण का कार्य लगातार जारी है।
उच्च जोखिम वाले ग्रामों में माइक्रोप्लान के अनुसार विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान सफाईकर्मियों, पंचायत सहायकों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा ग्राम प्रधानों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान के अंतर्गत झाड़ियों की कटाई, नालियों की सफाई, खराब हैंडपंपों का चिन्हीकरण एवं मरम्मत, हैंडपंप चबूतरों की मरम्मत और शौचालय निर्माण के साथ ग्रामीणों को मच्छरजनित एवं संक्रामक रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक 1,895 विद्यालयों में जागरूकता रैलियां, 257 ग्रामों में प्रभात फेरियां और 266 ग्राम सभाओं में स्वास्थ्य जागरूकता बैठकों का आयोजन किया गया है। इसके अलावा 1,172 स्थानों पर झाड़ियों की कटाई, 1,137 हैंडपंपों की मरम्मत, 468 हैंडपंप चबूतरों की मरम्मत, 329 शौचालयों का निर्माण, 640 ग्रामीण एवं 676 शहरी नालियों की सफाई कराई गई। नगरीय क्षेत्रों के 60 वार्डों में फॉगिंग, 123 सूकर पालकों का संवेदीकरण तथा 264 स्थानों पर कृतंक नियंत्रण संबंधी गोष्ठियां भी आयोजित की गईं।
दस्तक अभियान के तहत स्वास्थ्य टीमों द्वारा घर-घर जाकर बुखार, मलेरिया, कुष्ठ, क्षय रोग, डायरिया, कालाजार और आईएलआई (खांसी-जुकाम) जैसे लक्षणों वाले व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। बुखार से पीड़ित लोगों की आरडीटी किट से जांच कराई जा रही है तथा मलेरिया के पॉजिटिव मरीजों का समयबद्ध उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है। अभियान के दौरान 137 खांसी-जुकाम और 95 संभावित क्षय रोगियों को चिन्हित कर जांच एवं उपचार के लिए स्वास्थ्य संस्थानों को भेजा गया है। साथ ही डायरिया और अन्य संक्रामक रोगों के संभावित मामलों पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने घर और आसपास स्वच्छता बनाए रखें, जलभराव न होने दें, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाएं तथा बुखार, खांसी, जुकाम, डायरिया या अन्य संक्रामक रोगों के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर जांच एवं उपचार कराएं।
यह भी पढ़ें






