Crime news:भूमि विवाद में गर्भवती महिला समेत तीन से मारपीट का आरोप, लेखपाल सहित तीन पर मुकदमा
सोनभद्र। कोन थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। एक पक्ष ने लेखपाल संजय कनौजिया, उनकी पत्नी अनिता कनौजिया और सरोजा देवी पर तीन माह की गर्भवती महिला समेत परिवार के तीन लोगों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है
6:59 AM, Oct 3, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र। कोन थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। एक पक्ष ने लेखपाल संजय कनौजिया, उनकी पत्नी अनिता कनौजिया और सरोजा देवी पर तीन माह की गर्भवती महिला समेत परिवार के तीन लोगों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।घमड़ी कन्नौजिया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी जमीन के बगल में लेखपाल संजय कनौजिया की जमीन है। दोनों खेतों के बीच मेड़ है। आरोप है कि खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर से मिट्टी और घास आदि मेड़ पर पड़ने से वह चौड़ी हो गई थी। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।तहरीर के मुताबिक, 21 सितंबर की सुबह करीब आठ बजे घमड़ी मजदूरी करने के लिए घर से बाहर गया था। इसी दौरान संजय कनौजिया, उनकी पत्नी अनिता कनौजिया और सरोजा देवी उसके घर पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने उसकी पत्नी किरन के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। किरन करीब तीन माह की गर्भवती बताई गई है। आरोप है कि उसके बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया गया और हसुआ से हमला किया गया, जिससे उसके हाथ में चोटें आईं। तहरीर में पेट पर लात मारने का भी आरोप लगाया गया है।शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किरन को बचाया। हालत बिगड़ने पर उसे कोन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे लोढ़ी अस्पताल रेफर कर दिया।घमड़ी ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान आरोपितों ने जमीन बेचकर गांव छोड़ने की धमकी भी दी। उसके मुताबिक, 21 और 22 सितंबर को वह परिवार के साथ शिकायत लेकर कोन थाने पहुंचा, लेकिन तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि इस बीच दूसरे पक्ष की ओर से उसके और परिवार के तीन अन्य सदस्यों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज करा दिया गया।इसके बाद पीड़ित पक्ष ने मामले की शिकायत पुलिस के उच्चाधिकारियों से की। एसपी के निर्देश पर कोन पुलिस ने लेखपाल संजय कनौजिया, उनकी पत्नी अनिता कनौजिया और सरोजा देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच और विवेचना की जा रही है। विवेचना में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें






