Crime news;नहर में डूबने से युवती की मौत, बचाने कूदीं दो बालिकाएं गंभीर
सोनभद्र। विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरुखाड़ गांव में बुधवार अपराह्न करीब तीन बजे नहर में नहाने और कपड़े धोने के दौरान पैर फिसलने से एक युवती गहरे पानी में डूब गई। उसे बचाने के प्रयास में नहर में कूदीं दो पड़ोसी बालिकाएं भी डूबने लगीं। ग्रामीणों ने तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक युवती की मौत हो चुकी थी। दोनों बालिकाओं को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया गया है।
9:01 PM, Sep 30, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Jitendra Kumar chandrwanshi

सोनभद्र। विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरुखाड़ गांव में बुधवार अपराह्न करीब तीन बजे नहर में नहाने और कपड़े धोने के दौरान पैर फिसलने से एक युवती गहरे पानी में डूब गई। उसे बचाने के प्रयास में नहर में कूदीं दो पड़ोसी बालिकाएं भी डूबने लगीं। ग्रामीणों ने तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक युवती की मौत हो चुकी थी। दोनों बालिकाओं को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार, जोरुखाड़ गांव निवासी खुशबू (22) पुत्री पप्पू पनिका घर के समीप स्थित नहर में जमा पानी में नहाने और कपड़े धोने गई थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। खुशबू को डूबता देख पड़ोस में मौजूद राधा (16) पुत्री अशोक भारती और आरती (12) पुत्री सुरेश पनिका उसे बचाने के लिए नहर में कूद गईं।
पानी अधिक गहरा होने के कारण तीनों डूबने लगीं। खुशबू पानी में समा गई, जबकि राधा और आरती भी गहराई में फंस गईं। इसी बीच एक अन्य बालिका के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को पानी से बाहर निकाला।ग्रामीणों के अनुसार, खुशबू के शरीर में काफी पानी चला गया था और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राधा और आरती को अचेत अवस्था में निजी साधन से सीएचसी दुद्धी ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह की देखरेख में दोनों का उपचार चल रहा है। राधा की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही विंढमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है।बताया गया कि मृतका खुशबू अपने परिवार में दो बहनों में सबसे बड़ी थी। उसके दो छोटे भाई भी हैं।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें
परिजनों के अनुसार, खुशबू पिछले करीब ढाई वर्षों से अपने घर से लगभग दो किलोमीटर दूर रिश्तेदारी में रहकर जीवन-यापन कर रही थी।हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले में अग्रिम कार्रवाई कर रही है।






