Crime news:जंगल में लापता बुजुर्ग महिला का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
सोनभद्र। हाथीनाला थाना क्षेत्र के बेलहत्थी ग्राम पंचायत के टोला खरछनवा डोमाडांड स्थित जंगल में तीन दिन से लापता करीब 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर हाथीनाला पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए
7:33 PM, Sep 27, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Anil Kumar agrahari

डाला सोनभद्र। हाथीनाला थाना क्षेत्र के बेलहत्थी ग्राम पंचायत के टोला खरछनवा डोमाडांड स्थित जंगल में तीन दिन से लापता करीब 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर हाथीनाला पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।प्राप्त जानकारी के अनुसार खरछनवा डोमाडांड निवासी करीब 62 वर्षीय दौली देवी पुत्री स्व. जगमोहन खरवार अपने मायके में रह रही थीं। परिजनों के मुताबिक वह करीब तीन दिन पहले अचानक घर से लापता हो गई थीं। परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद 24 सितंबर को हाथीनाला थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।रविवार दोपहर जंगल में मवेशी चरा रहे एक चरवाहे की नजर एक महिला के शव पर पड़ी। चरवाहे ने इसकी जानकारी ग्रामीणों और परिजनों को दी। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान दौली देवी के रूप में की। इसके बाद बेलहत्थी के प्रधानपति राजकुमार को घटना की जानकारी दी गई, जिन्होंने तत्काल हाथीनाला पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण करते हुए आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें
ग्रामीणों के मुताबिक दौली देवी की शादी पाटी ग्राम पंचायत निवासी अयोध्या प्रसाद खरवार से हुई थी। पति के निधन के बाद वह अपने मायके में रह रही थीं। उनके परिवार में दो भाई भी हैं।पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






