संपूर्ण समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, डीएम ने सुनीं 101 शिकायतें राजस्व निरीक्षक निलंबित, महिला चिकित्सक की तैनाती के निर्देश
संपूर्ण समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, डीएम ने सुनीं 101 शिकायतें राजस्व निरीक्षक निलंबित, महिला चिकित्सक की तैनाती के निर्देश
7:11 PM, Jun 6, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Jitendra Kumar chandrwanshi

दुद्धी, सोनभद्र। तहसील सभागार दुद्धी में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह (चर्चित गौड़) ने की। जिलाधिकारी के प्रथम समाधान दिवस में शामिल होने पर फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कार्यक्रम में कुल 101 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से एक का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि 10 मामलों का समाधान संबंधित विभागीय टीमों द्वारा किया गया।
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी के साथ अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुडवाल तथा उपजिलाधिकारी दुद्धी ने भी फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शाह ने राजस्व विभाग में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार तथा एक राजस्व निरीक्षक का रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का मामला उठाया। शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से राजस्व निरीक्षक अखिलेश कुमार शुक्ला को निलंबित करने का निर्देश दिया।
भाजपा मंडल महामंत्री प्रेम नारायण सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में महिला चिकित्सक की अनुपलब्धता का मुद्दा उठाया। इस पर जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सीएचसी म्योरपुर में तैनात डॉ. पल्लवी सिन्हा को सप्ताह में दो दिन दुद्धी में सेवाएं देने का आदेश जारी किया।
प्रबुद्ध प्रकोष्ठ संयोजक जितेंद्र कुमार चंद्रवंशी ने ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या, प्रदूषण की जांच के लिए टॉक्सिकोलॉजिकल लैब की स्थापना तथा पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिकोण से वन प्रभाग रेणुकूट को सेंचुरियन जोन घोषित किए जाने की मांग रखी।
इसके अलावा सभासदों एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने लेखपालों की कार्यशैली, मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स एकेडमी द्वारा स्टेडियम निर्माण, भूमि विवाद, अंश निर्धारण, पत्थरगड़ी, नगर क्षेत्र में नहरों के पक्कीकरण, सड़क चौड़ीकरण, विद्युत एवं स्वास्थ्य विभाग से संबंधित समस्याओं सहित विभिन्न मुद्दों पर शिकायतें दर्ज कराईं।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय, तहसीलदार अंजनी गुप्ता, नायब तहसीलदार ज्ञानेंद्र कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ), खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें






