मूलभूत सुविधाओं से वंचित बल्लही टोले के ग्रामीणों का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन
मूलभूत सुविधाओं से वंचित बल्लही टोले के ग्रामीणों का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन
8:19 PM, Jul 7, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र। जिला मुख्यालय से महज पांच किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत मारकुण्डी के बल्लही टोला के ग्रामीणों ने मंगलवार को मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। ग्राम प्रधान उधम सिंह यादव के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पेयजल, बिजली, शिक्षा समेत अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।ग्रामीणों का आरोप है कि आजादी के कई दशक बीत जाने के बावजूद बल्लही टोला विकास की मुख्यधारा से आज भी कटा हुआ है। उन्होंने बताया कि नमामि गंगे मिशन के तहत संचालित हर घर नल-जल योजना का लाभ अब तक टोले के लोगों को नहीं मिल सका। न तो पाइपलाइन बिछाई गई और न ही घरों तक पानी का कनेक्शन पहुंचा। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना कार्य पूरा किए ही योजना को कागजों में पूर्ण दिखा दिया गया।ग्रामीणों ने बताया कि पठारी क्षेत्र होने के बावजूद सौभाग्य योजना के तहत भी विद्युतीकरण नहीं किया गया है। इससे लोग आज भी अंधेरे में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। बरसात के मौसम में बिजली न होने से सांप-बिच्छू और अन्य विषैले जीवों का खतरा भी बढ़ जाता है।ग्रामीणों ने शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि बल्लही टोला में प्राथमिक विद्यालय तक नहीं है। छोटे बच्चों को पढ़ाई के लिए दूसरे गांवों और टोलों में जाना पड़ता है, जिससे उनकी शिक्षा प्रभावित हो रही है।ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर बल्लही टोला में पेयजल, विद्युत, सड़क और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।प्रदर्शन के दौरान रामप्यारे, श्रवण कुमार, कृष्णानंद, विजय कुमार, बुधन, पारस, राजकुमार, कलावती, मालती, लालता, प्रभु, कमलेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें






