ऑनलाइन सेवाओं के बावजूद दलालों के चंगुल में फंस रहे लोग, सावधान रहें: एआरटीओ
ऑनलाइन सेवाओं के बावजूद दलालों के चंगुल में फंस रहे लोग, सावधान रहें: एआरटीओ
1:55 PM, Jun 8, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

विभाग से संबंधित काम अभ्यर्थी स्वयं आकर कराये काम
सोनभद्र। परिवहन विभाग द्वारा आम जनता की सुविधा के लिए अधिकांश सेवाओं को ऑनलाइन कर दिए जाने के बावजूद लोग अब भी दलालों के झांसे में आकर आर्थिक नुकसान उठा रहे हैं। इस पर चिंता व्यक्त करते हुए एआरटीओ कौशल सिंह ने लोगों से सीधे विभाग से संपर्क कर अपने कार्य कराने की अपील की है।
एआरटीओ ने कहा कि परिवहन विभाग की अधिकांश सेवाएं ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध हैं, जिसके चलते आम नागरिक बिना किसी बिचौलिए की मदद के अपना कार्य स्वयं कर सकते हैं। इसके बावजूद कुछ लोग दलालों के माध्यम से काम कराने का प्रयास करते हैं और अतिरिक्त धनराशि खर्च करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में विभाग की कोई जिम्मेदारी नहीं है।
उन्होंने कहा कि ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित अधिकांश प्रक्रियाएं ऑनलाइन हैं और आवेदक स्वयं आवेदन कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर सकता है। विशेष रूप से लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है, जिसे घर बैठे प्राप्त किया जा सकता है। इसके लिए किसी को अतिरिक्त शुल्क देने या बिचौलियों की सहायता लेने की आवश्यकता नहीं है।
एआरटीओ ने बताया कि पूर्व में मोटर ट्रेनिंग स्कूलों द्वारा प्रशिक्षण और ड्राइविंग टेस्ट के नाम पर निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि वसूलने की शिकायतें मिली थीं। इस पर विभाग ने संबंधित स्कूल संचालकों को सख्त निर्देश दिए थे कि शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम शुल्क ही लिया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो। विभागीय कार्रवाई के बाद इस पर काफी हद तक अंकुश भी लगा है।
उन्होंने कहा कि यदि दोबारा अधिक शुल्क वसूले जाने या किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायत मिलती है तो संबंधित संस्थानों से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि परिवहन विभाग से संबंधित किसी भी कार्य के लिए सीधे कार्यालय में संपर्क करें और दलालों के बहकावे में न आएं।
यह भी पढ़ें






