दुद्धी : कानूनगो निलंबित, लेखपाल हटाए गए: रिश्वतखोरी के वायरल वीडियो पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
दुद्धी : कानूनगो निलंबित, लेखपाल हटाए गए: रिश्वतखोरी के वायरल वीडियो पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
7:20 AM, Jun 5, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Jitendra Kumar chandrwanshi

दुद्धी/सोनभद्र। तहसील दुद्धी अंतर्गत ग्राम मझौली में अंश निर्धारण एवं पत्थरगड़ी के नाम पर एक काश्तकार से रिश्वत लेने के वायरल वीडियो मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित कानूनगो के निलंबन की संस्तुति कर दी है, जबकि क्षेत्रीय लेखपाल को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें मझौली क्षेत्र के राजस्व कर्मियों पर अंश निर्धारण एवं पत्थरगड़ी संबंधी कार्य के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप लगाए गए थे। मामला सामने आने के बाद उपजिलाधिकारी दुद्धी निखिल कुमार यादव ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच कराई और संबंधित कानूनगो के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई हेतु रिपोर्ट जिलाधिकारी सोनभद्र को प्रेषित कर दी। साथ ही संबंधित क्षेत्रीय लेखपाल को तत्काल प्रभाव से उसके कार्यक्षेत्र से हटा दिया गया।
गौरतलब है कि जिलाधिकारी सोनभद्र एवं अन्य उच्चाधिकारियों द्वारा भूमि विवादों के निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं, बावजूद इसके कुछ राजस्व कर्मियों पर भ्रष्टाचार के आरोप सामने आते रहे हैं। ताजा कार्रवाई को प्रशासन द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है।इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग के कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भूमि संबंधी मामलों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ऐसी कार्रवाइयां आवश्यक हैं। वहीं, सूत्रों का दावा है कि यदि कुछ राजस्व कर्मियों की आय एवं संपत्तियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आ सकते हैं।तहसील दुद्धी क्षेत्र में भूमि संबंधी विवाद लंबे समय से गंभीर समस्या बने हुए हैं। ऐसे में प्रशासन की इस कार्रवाई को आमजन के बीच सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है। अधिवक्ताओं एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने भी भ्रष्टाचार के विरुद्ध उठाए गए इस कदम की सराहना की है।
यह भी पढ़ें






