खेत में सिंचाई के दौरान किसान की करंट लगने से मौत, मचा कोहराम
खेत में सिंचाई के दौरान किसान की करंट लगने से मौत, मचा कोहराम
6:02 PM, Jul 27, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Jitendra Kumar chandrwanshi

दुद्धी (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम सरडीहा में सोमवार सुबह खेत में सिंचाई की व्यवस्था करते समय एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई। परिजनों द्वारा गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।जानकारी के अनुसार ग्राम सरडीहा निवासी बीरबल (36 वर्ष) पुत्र लक्ष्मण सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे धान की रोपाई के लिए खेत में सिंचाई की व्यवस्था कर रहे थे। वह घर से लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित एलटी मेन लाइन से मोटर पंप के लिए तार जोड़ रहे थे। इसी दौरान वे विद्युत करंट की चपेट में आ गए।घटना के समय उनका बड़ा पुत्र संदीप भी उनके साथ मौजूद था, जो पीछे से तार लेकर आ रहा था। संदीप ने अपने पिता को करंट लगने के बाद जमीन पर गिरा देखा और शोर मचाकर परिजनों को सूचना दी। परिजन तत्काल उन्हें निजी वाहन से सीएचसी दुद्धी लेकर पहुंचे, लेकिन ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।डॉ. विनोद सिंह ने बताया कि अत्यधिक करंट लगने के कारण बीरबल की ब्रेन डेथ हो चुकी थी और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मृत्यु हो गई थी।अस्पताल प्रशासन ने मेमो के माध्यम से घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण खुले विद्युत तारों के संपर्क में आना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।परिजनों के अनुसार मृतक बीरबल चार भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी, दो पुत्र संदीप एवं सुशील और दो पुत्रियां अनिता एवं सुनीता हैं। सभी बच्चे अविवाहित हैं। किसान की असामयिक मृत्यु से परिवार सहित पूरे गांव में शोक की लहर है।पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें






