खेत से लौट रहे किसान की लटकते बिजली तार की चपेट में आने से मौत
सोनभद्र। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के महुअरिया-तुर्रीडीह गांव की सीमा पर शनिवार सुबह खेत से लौट रहे एक किसान की लटक रहे एलटी लाइन के बिजली तार की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
8:10 PM, Aug 22, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के महुअरिया-तुर्रीडीह गांव की सीमा पर शनिवार सुबह खेत से लौट रहे एक किसान की लटक रहे एलटी लाइन के बिजली तार की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।तुर्रीडीह निवासी 38 वर्षीय शोभनाथ यादव पुत्र बेचन यादव शनिवार सुबह करीब 10 बजे अपने खेत में धान की रोपाई करने गए थे। काम पूरा करने के बाद वह खेत से बाहर निकलकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रहा एलटी लाइन का बिजली का तार नीचे लटका हुआ था, जिसकी चपेट में शोभनाथ आ गए।करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने किसी तरह उन्हें बिजली के तार से अलग किया। इसके बाद ग्राम प्रधान और स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी गई।सूचना मिलते ही दुद्धी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में अग्रिम कार्रवाई कर रही है।मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दुद्धी कोतवाली के उपनिरीक्षक श्यामजी यादव ने बताया कि मामले में अभी परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें






