नीट 2026 में घोरावल का परचम: सोनम मौर्य और अजय पटेल ने रचा सफलता का इतिहास
नीट 2026 में घोरावल का परचम: सोनम मौर्य और अजय पटेल ने रचा सफलता का इतिहास
6:33 AM, Jul 19, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

घोरावल (सोनभद्र)। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) में घोरावल के दो होनहार विद्यार्थियों सोनम मौर्य और अजय पटेल ने शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दोनों की उपलब्धि से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।घोरावल निवासी सोनम मौर्य ने नीट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। सोनम शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं। कुछ माह पूर्व ही उनके बड़े भाई सत्यम मौर्य ने बीएएमएस (आयुर्वेद) की पढ़ाई पूरी की है। बेटी की सफलता पर पिता परमेश्वर लाल मौर्य और गृहिणी मां भानुमति सहित पूरे परिवार ने मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। वहीं रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों ने भी सोनम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।वहीं महावीर कॉलोनी वार्ड नंबर-8, घोरावल निवासी अजय पटेल ने नीट-2026 में ऑल इंडिया रैंक 3187 हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की। उन्होंने 720 में 632 अंक प्राप्त किए। इस सफलता पर उनके घर परिवार, मोहल्ले और शुभचिंतकों ने सम्मान समारोह आयोजित कर उनका अभिनंदन किया।सम्मान समारोह में प्राथमिक विद्यालय बेलवनिया के प्रधानाध्यापक राजेश सिंह ने अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर अजय को सम्मानित किया। इस अवसर पर अधिवक्ता अरुण कुमार त्रिपाठी, संतोष पाठक, प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष संजय मिश्रा, पशु चिकित्सक डॉ. श्रीश, मनोज तिवारी, दिलीप विश्वकर्मा, प्रशांत सिंह, गोपाल तथा गोविंद पाल सहित कई गणमान्य लोगों ने माल्यार्पण कर मिठाई खिलाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।अजय पटेल के पिता स्वर्गीय डॉ. जय सिंह मूल रूप से कुशी (घोरावल) के निवासी थे और वार्ड नंबर-8 में आकांक्षा क्लीनिक का संचालन करते थे। वर्ष 2020 में कोरोना संक्रमण के कारण उनके निधन के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उनकी माता बेगमती ने संभाली। कठिन परिस्थितियों के बावजूद अजय ने बिना किसी कोचिंग के केवल स्वाध्याय और अपनी मां की प्रेरणा से तैयारी कर दूसरे प्रयास में यह उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की।अजय ने हाईस्कूल गीतांजलि पब्लिक स्कूल, घोरावल से 91 प्रतिशत तथा इंटरमीडिएट राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज, रॉबर्ट्सगंज से 86 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण किया था। अजय अपनी इस सफलता का पूरा श्रेय अपनी माता को देते हैं।घोरावल के इन दोनों प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की सफलता ने क्षेत्र के युवाओं के लिए नई प्रेरणा प्रस्तुत की है।
यह भी पढ़ें






