43वें लोक संगीत महोत्सव में करमा, कोलदहकी व नटुआ नृत्य ने मोहा मन, तीन विभूतियां सम्मानित
सोनभद्र: घोरावल तहसील के ऐतिहासिक शिवद्वार धाम में सोमवार की शाम लोक संगीत रंगमंच महोत्सव का आयोजन किया गया। विभिन्न जनपदों के तीन दर्जन से अधिक संख्या के लोक संगीत कलाकारों ने अपने उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन किया। लगातार 43वें वर्ष शिवद्वार धाम में लोक संगीत महोत्सव का आयोजन किया गया।
7:13 PM, Nov 10, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र: घोरावल तहसील के ऐतिहासिक शिवद्वार धाम में सोमवार की शाम लोक संगीत रंगमंच महोत्सव का आयोजन किया गया। विभिन्न जनपदों के तीन दर्जन से अधिक संख्या के लोक संगीत कलाकारों ने अपने उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन किया। लगातार 43वें वर्ष शिवद्वार धाम में लोक संगीत महोत्सव का आयोजन किया गया। अंतरराज्यीय लोक कलाकारों ने लोकगीतों का प्रस्तुतिकरण कर समां बांध दिया। महोत्सव में लोकगीत गायन - वादन की शाम से शुरू लंबी श्रृंखला अगले दिन सुबह तक चली। जिसमें इसके अतिरिक्त लोक नृत्य करमा, कोलदहकी तथा नटुआ का जीवन्त मंचन भी अत्यंत आकर्षक एवं सम्मोहक रहा। कार्यक्रम की शुरुआत अध्यक्ष समाजसेवी रामनिवास शुक्ला, मुख्य अतिथि पूर्व सपा जिलाध्यक्ष संजय यादव एवं विशिष्ट अतिथि लोकपति पटेल, जिला पंचायत सदस्य नीरज श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलन कर किया।
गाजीपुर के अवनीश यादव ने जहां राष्ट्रीय गीत प्रस्तुत किया, वहीं मुगलसराय की गीता रानी ने सोहर गीत से समां बांध दिया। मुगलसराय के देवनाथ यादव ने गजल प्रस्तुत किया, वहीं महाव के लल्लू भारती ने देवी गीत से उपस्थित लोगों को मंत्र मुग्ध कर दिया। चंदौली के दयाराम प्रजापति लोक भजन एवं मधुपुर के सोहन मौर्य ने कहरवा प्रस्तुत किया। श्यामदेव सन्दल ने निर्गुण प्रस्तुत किया, वहीं खुटहा के राजेंद्र प्रसाद मौर्य ने कवित्त तथा चुनार के संतोष ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया। गिरिया मठहवा के कलाकारों ने कर्मा गीत से समां बांध दिया। कार्यक्रम के आयोजक मुन्नर यादव ने अतिथियों के प्रति आभार ज्ञापित किया। संचालन शेषधर पाल ने किया। उक्त अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सेवा के लिए लोगों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की कड़ी में तीन सम्मान समारोह आयोजित हुआ। जिसमें भोजपुरी कवि सम्राट मुंशी मंगल लाल चिर स्मृति सम्मान से सोहन लाल मौर्य को सम्मानित किया गया। सिद्ध संत पंडित शीतला प्रसाद शुक्ल चिर स्मृति सम्मान से रामलाल सम्मानित किए गए। साहित्यकार एवं पत्रकार डॉ परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव "पुष्कर" को 40 वर्ष पत्रकारिता सेवा पूर्ण करने एवं साहित्य सेवा के पांच दशक की पूर्णता अवधि के उपलक्ष्य में पत्रकारिता के भीष्म पितामह बाबू विष्णु राव पराणकर सम्मान से मंच से अलंकृत किया गया। उक्त अवसर पर प्रमुख रूप से उदित लाल अग्रहरि, देवचरण यादव, रमाकांत दुबे, सुरेश गिरी, बालेश्वर यादव, विनोद चौरसिया, दीनानाथ यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें






