नमो घाट घटना में मृत किशोर का अंतिम संस्कार, 50 लाख मुआवजे की मांग पर अड़े रहे परिजन, पुलिस के समझाने पर हुआ दाह संस्कार
नमो घाट घटना में मृत किशोर का अंतिम संस्कार, 50 लाख मुआवजे की मांग पर अड़े रहे परिजन, पुलिस के समझाने पर हुआ दाह संस्कार
9:49 PM, May 25, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

खलियारी (सोनभद्र)। वाराणसी के नमो घाट पर बाउंसरों से विवाद के बाद कथित पिटाई में जान गंवाने वाले रायपुर थाना क्षेत्र के बेऊआ गांव निवासी 17 वर्षीय राजेश उर्फ चिंटू जायसवाल के शव का अंतिम संस्कार रविवार रात परिजनों ने करने से इनकार कर दिया। परिवार शासन से 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग पर अड़ा रहा। सोमवार सुबह पुलिस और प्रशासन के समझाने-बुझाने के बाद परिजनों ने अपने खेत में ही शव का अंतिम संस्कार किया।जानकारी के अनुसार बेऊआ गांव निवासी राजेश उर्फ चिंटू जायसवाल शनिवार रात अपने दोस्तों के साथ वाराणसी गया था। बताया जा रहा है कि नमो घाट पर प्रवेश को लेकर उसका और उसके दोस्तों का बाउंसरों से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद बाउंसरों ने युवकों के साथ मारपीट की, जिसमें गंभीर रूप से घायल राजेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के पिता समेत अन्य परिजन वाराणसी पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद रविवार देर रात करीब 12 बजे शव गांव पहुंचा। शव के गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्थिति को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया था।परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार करते हुए शासन से 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की। बताया गया कि रविवार रात नायब तहसीलदार राबर्ट्सगंज आपदा राहत योजना के तहत चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक लेकर पहुंचे थे, लेकिन मृतक के पिता ने राशि लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद प्रशासनिक टीम वापस लौट गई और शव पूरी रात घर पर ही रखा रहा।सोमवार सुबह पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने परिजनों को समझाया। इसके बाद सुबह करीब आठ बजे परिजनों ने घर से कुछ दूरी पर अपने खेत में शव का अंतिम संस्कार कर दिया।वहीं, एसडीएम सदर अश्वनी कुमार ने बताया कि नायब तहसीलदार सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल के साथ मौके पर गए थे। उन्होंने कहा कि आपदा राहत का चेक देने की बात की जांच कराई जाएगी और नियमानुसार उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें






