सोनभद्र में बड़ा हादसा: बच्चों से भरी स्कूल की गाड़ी तालाब में पलटी, कई मासूम घायल
बभनी। सोनभद्र के बभनी थाना क्षेत्र के मैरहवा गांव के पास शुक्रवार को उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब बच्चों से भरी एक निजी स्कूल की गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गहरे तालाब में पलट गई। हादसे में आधा दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई
6:26 PM, Aug 14, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Naresh gupta

बभनी। सोनभद्र के बभनी थाना क्षेत्र के मैरहवा गांव के पास शुक्रवार को उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब बच्चों से भरी एक निजी स्कूल की गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गहरे तालाब में पलट गई। हादसे में आधा दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।जानकारी के अनुसार, लिटिल एंजेल प्राइवेट विद्यालय, चपकी की गाड़ी करीब 15 से 20 बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वाहन की रफ्तार तेज थी। मैरहवा गांव के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरा।हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पानी में उतरकर बच्चों को बाहर निकाला। स्थानीय निवासी राजाराम, रामप्रकाश, धीरज हृदय, अवधेश और रामकिशुन समेत अन्य ग्रामीणों ने बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ग्रामीणों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। घायल बच्चों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बभनी ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बच्चों की स्थिति को लेकर स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है।बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन बचरा निवासी अतहर हुसैन उर्फ बच्चा का है। हादसे के बाद निजी स्कूलों में बच्चों के परिवहन की व्यवस्था और स्कूली वाहनों के सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में कुछ निजी स्कूलों के वाहनों में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया जाता है और कई वाहन सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए संचालित किए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्कूली वाहनों की जांच कर नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।इधर, हादसे की सूचना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस वाहन की स्थिति, चालक की भूमिका और हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और संबंधित जिम्मेदारों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।प्रशासन की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि वाहन में निर्धारित क्षमता के अनुसार बच्चे सवार थे या नहीं और दुर्घटना की वास्तविक वजह क्या थी।
यह भी पढ़ें






