होमवीडियो LIVE
BREAKING

विज्ञापन

Sonbhadra crime:हेरोइन तस्करी के आरोपी की 82 लाख की संपत्ति कुर्क, मकान को पुलिस ने किया सील

सोनभद्र:नगर क्षेत्र में अवैध हेरोइन के कारोबार के जरिए अकूत संपत्ति अर्जित करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रविवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने डाला चंद्रनगर डाला चढ़ाई निवासी हेरोइन तस्करी की आरोपी सुनीता उर्फ बुचिया पत्नी सुधीर उर्फ छोटू, वार्ड नंबर चार की करीब 82 लाख रुपये की संपत्ति को कुर्क करते हुए मकान को सील कर दिया। इस कार्रवाई से अवैध नशे के कारोबार में संलिप

5:55 PM, Nov 22, 2026

Share:

Edited By: Shaktipal , Reported By: Anil kumar agrahari

Sonbhadra crime:हेरोइन तस्करी के आरोपी की 82 लाख की संपत्ति कुर्क, मकान को पुलिस ने किया सील
हमसे जुड़ने के लिए फॉलो करें:
Instagram
सोन प्रभात लाइव न्यूज़ डेस्क

हेरोइन तस्करी के आरोपी की 82 लाख की संपत्ति कुर्क, मकान को पुलिस ने किया सील
अवैध नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति पर प्रशासन का चला डंडा, एसडीएम और सीओ की मौजूदगी में हुई कार्रवाई; पति-पत्नी दोनों एनडीपीएस एक्ट में जेल में बंद
डाला (सोनभद्र)। नगर क्षेत्र में अवैध हेरोइन के कारोबार के जरिए अकूत संपत्ति अर्जित करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रविवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने डाला चंद्रनगर डाला चढ़ाई निवासी हेरोइन तस्करी की आरोपी सुनीता उर्फ बुचिया पत्नी सुधीर उर्फ छोटू, वार्ड नंबर चार की करीब 82 लाख रुपये की संपत्ति को कुर्क करते हुए मकान को सील कर दिया। इस कार्रवाई से अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।


कार्रवाई के दौरान ओबरा उपजिलाधिकारी रवि कुमार एवं सीओ सिटी रणधीर मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पहले मुनादी कराई गई। इसके बाद मकान की दीवारों पर कुर्की संबंधी नोटिस चस्पा किया गया और नियमानुसार मकान को सील कर दिया गया। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।


बताया जाता है कि सुनीता उर्फ बुचिया और उसका पति सुधीर उर्फ छोटू लंबे समय से अवैध हेरोइन के कारोबार में संलिप्त रहे हैं। इस मामले में दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत चोपन थाने में मुकदमा दर्ज है। पुलिस के मुताबिक, दोनों को पूर्व में भी कई बार गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वर्तमान में पति-पत्नी दोनों एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल में बंद हैं।
इस संबंध में सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। थाना चोपन में एनडीपीएस एक्ट के तहत पंजीकृत मुकदमे में आरोपी सुनीता उर्फ बुचिया द्वारा अवैध नशे के कारोबार से अर्जित की गई संपत्ति का विवरण न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया था। न्यायालय के आदेश के क्रम में लगभग 82 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की गई है।

विज्ञापन


गौरतलब है कि पुलिस ने बीते कुछ माह पूर्व अवैध हेरोइन के कारोबार में संलिप्त आरोपियों को भारी मात्रा में हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। इस दौरान नशे के कारोबार से जुड़े वाहनों और मोबाइल फोन की भी बरामदगी हुई थी। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा गया था। अब अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति पर प्रशासन ने शिकंजा कसते हुए कुर्की की कार्रवाई की है।
पुलिस की इस कार्रवाई को नगर क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे के कारोबार से युवाओं और समाज पर बुरा असर पड़ता है। ऐसे में अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की संपत्ति पर कार्रवाई होने से इस धंधे में शामिल अन्य लोगों को भी कड़ा संदेश जाएगा।


कार्रवाई के दौरान चोपन थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता, उपनिरीक्षक उमाकांत सिंह, कृष्ण कुमार सिंह, कृष्ण मोहन सिंह, विनोद कुमार यादव, रामज्ञान यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Breaking से पहले Believing —
Son Prabhat News, since 2019

Follow Us:

Instagram

Download App

Play Store

Subscribe Now

Play StoreSonprabhat Live

© Copyright Sonprabhat 2026. All rights reserved.

Developed by SpriteEra IT Solutions