नवागत क्षेत्राधिकारी विनय प्रभाकर साहनी ने किया दुद्धी थाने का औचक निरीक्षण, अभिलेखों से लेकर कानून-व्यवस्था तक की परखी तैयारियां
लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, वारंटियों की गिरफ्तारी और जनशिकायतों पर निष्पक्ष कार्रवाई के दिए निर्देश
duddhi
12:35 PM, Jul 3, 2026
Share:
Edited By: Ashish Gupta , Reported By: Jitendra Chandravanshi

Photo : Sonprabhat News
दुद्धी, सोनभद्र। नवागत क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी ने गुरुवार को थाना दुद्धी का आकस्मिक निरीक्षण कर थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों एवं पुलिस कार्यप्रणाली का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी ने थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, पुलिस बैरक, भोजनालय तथा पूरे थाना परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने अपराध रजिस्टर, सामान्य डायरी (जीडी), आगंतुक रजिस्टर, बीट रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का अवलोकन कर उनके सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रख-रखाव के निर्देश दिए।

विज्ञापन
क्षेत्राधिकारी ने लंबित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना-पत्रों तथा अन्य प्रचलित मामलों की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर बल दिया। साथ ही वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा विवेचनाओं को प्रभावी ढंग से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
यह भी पढ़ें
उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, शस्त्रों के सुरक्षित रख-रखाव, अभिलेखों के संरक्षण एवं पुलिस कर्मियों की कार्यप्रणाली का भी बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक सुधार संबंधी निर्देश जारी किए।
विज्ञापन

निरीक्षण के अंत में क्षेत्राधिकारी विनय प्रभाकर साहनी ने सभी पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नियमित गश्त, प्रभावी चेकिंग अभियान चलाने, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण एवं संवेदनशील व्यवहार कर पुलिस की सकारात्मक छवि बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।






