बकरीद को लेकर दुद्धी में शांति समिति की बैठक सम्पन्न, 28 मई को मनाया जाएगा पर्व
बकरीद को लेकर दुद्धी में शांति समिति की बैठक सम्पन्न, 28 मई को मनाया जाएगा पर्व
6:43 AM, May 23, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Jitendra Kumar chandrwanshi

दुद्धी, सोनभद्र। ईदुल अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को महिला थाना परिसर में शांति समिति की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश राय ने की। इस दौरान समाज के प्रतिष्ठित नागरिकों, धार्मिक नेताओं, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, नमाज़ आयोजन, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी ईदुल अजहा (बकरीद) का त्योहार गुरुवार, 28 मई को मनाया जाएगा। इस्लाहुल मुसलिमीन कमेटी की ओर से बताया गया कि ईदगाह मक्तब जब्बारिया और रजा जामा मस्जिद में निर्धारित समयानुसार नमाज़ अदा की जाएगी।पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश राय ने कहा कि प्रतिबंधित पशुओं की क़ुरबानी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही क़ुरबानी के बाद पशुओं के अवशेष नगर पंचायत दुद्धी द्वारा निर्धारित स्थान पर एकत्र कर गड्ढों में दफन कराए जाएंगे, ताकि नगर में स्वच्छता और सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित न हो।बैठक में नगर क्षेत्र में अक्सर लगने वाले जाम की समस्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने त्योहार के दौरान भीड़ प्रबंधन और आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही।प्रशासन और नगर पंचायत ने नागरिकों से अपील की कि त्योहार को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं। सार्वजनिक स्थानों पर असंगठित तरीके से क़ुरबानी करने से बचें तथा किसी भी संदिग्ध या असामान्य गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें।बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, पूर्व चेयरमैन राजकुमार अग्रहरि, फत्तेह मोहम्मद खान, कन्हैया लाल अग्रहरि, कलीमुल्ला खान, भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शाह, पंकज जायसवाल, सुरेंद्र गुप्ता, कमलेश सिंह कमल, सभासद सुमित सोनी, मनीष जायसवाल सहित दर्जनों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें






