प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना बनी सहारा, मृतक खाताधारकों के आश्रितों को मिला दो-दो लाख रुपये का बीमा लाभ
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना बनी सहारा, मृतक खाताधारकों के आश्रितों को मिला दो-दो लाख रुपये का बीमा लाभ
8:22 PM, Jun 11, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

राबर्ट्सगंज, सोनभद्र। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत गुरुवार को केनरा बैंक राबर्ट्सगंज शाखा परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मृतक खाताधारकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये की बीमा दावा राशि के चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों ने योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक लोगों से इससे जुड़ने की अपील की।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडल प्रबंधक राज प्रकाश सिंह ने कहा कि किसी व्यक्ति की मृत्यु से हुई क्षति की भरपाई धनराशि से संभव नहीं है, लेकिन सरकार की जनकल्याणकारी बीमा योजनाएं संकट की घड़ी में परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना मात्र 20 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर उपलब्ध है और हर पात्र खाताधारक को इसका लाभ अवश्य लेना चाहिए।शाखा प्रबंधक विश्वदीप मिश्रा ने बताया कि शाखा के खाताधारक कुंवर धीरेंद्र विक्रम की दिल्ली में लिफ्ट में आग लगने की घटना में मृत्यु हो गई थी। उनका प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत बीमा कराया गया था। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद उनकी माता को दो लाख रुपये की बीमा दावा राशि का चेक प्रदान किया गया।उन्होंने बताया कि बैंक मित्र शक्ति पाल के माध्यम से खाताधारक का बीमा कराया गया था। घटना के बाद परिजनों द्वारा बैंक से संपर्क किए जाने पर विभागीय प्रक्रियाएं पूरी कर आश्रित को बीमा राशि उपलब्ध कराई गई। शाखा प्रबंधक ने कहा कि बैंक अपने ग्राहकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।उन्होंने सभी ग्राहकों से प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ने का आग्रह करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की बैंकिंग समस्या होने पर ग्राहक सीधे शाखा से संपर्क कर सकते हैं।इस अवसर पर मंडल प्रबंधक राज प्रकाश सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक वेद प्रकाश अधिकारी, सहायक प्रबंधक धर्मवीर सिंह, ऋण अधिकारी जितेंद्र यादव, पवन कुमार गुप्ता, रोहित कुमार शर्मा, बैंक मित्र शक्ति पाल, संदीप कुमार सहित अन्य बैंककर्मी उपस्थित रहे
यह भी पढ़ें






