रेणुकूट की विवाहिता दीपिका वर्मा हत्याकांड: पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि, पति गिरफ्तार
गला दबाकर हत्या करने के बाद आत्महत्या का रूप देने की कोशिश, तीन दिन की पुलिस रिमांड पर आरोपी; रिहंद डैम घाट पर हुआ अंतिम संस्कार।
renukoot
1:47 PM, Jul 31, 2026
Share:
Edited By: Ashish Gupta , Reported By: U. Gupta

रेणुकूट/बहरोड़। राजस्थान के बहरोड़ में रेणुकूट निवासी विवाहिता दीपिका वर्मा (30) की संदिग्ध मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हत्या की पुष्टि कर दी है। इसके बाद पुलिस ने मृतका के पति धर्मेंद्र सोनी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
बहरोड़ थाना प्रभारी रविंद्र कुमार के अनुसार प्रारंभिक सूचना में आरोपी ने पत्नी के बेहोश होने की बात कही थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि पहले दीपिका का सिर दीवार से टकराया गया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद कपड़े से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए आरोपी ने शव को पंखे से लटकाने का भी प्रयास किया।
पुलिस ने घटनास्थल से शराब की बोतल, गिलास समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। मामले में आरोपी से घटना के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।

विज्ञापन
मृतका दीपिका वर्मा रेणुकूट स्थित ए.बी.आर. पब्लिक स्कूल के पास रहने वाले व्यापारी बद्रीनारायण वर्मा की पुत्री थीं। वर्ष 2021 में उनकी शादी मऊ निवासी इंजीनियर धर्मेंद्र सोनी से हुई थी। विवाह के बाद दोनों दिल्ली में रहे और लगभग सात माह पूर्व राजस्थान के बहरोड़ स्थित शिक्षक कॉलोनी में रहने लगे थे।
यह भी पढ़ें
परिजनों ने आरोप लगाया है कि धर्मेंद्र शराब का आदी था और अक्सर दीपिका के साथ मारपीट करता था। मृतका की जुड़वा बहन प्रियंका के अनुसार घटना से पहले दीपिका ने फोन कर अपने साथ हो रही प्रताड़ना की जानकारी दी थी। इसके कुछ देर बाद आरोपी ने स्वयं फोन लेकर कहा था कि आकर अपनी बहन को ले जाओ।

विज्ञापन
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद दीपिका का शव एंबुलेंस से रेणुकूट स्थित उनके पैतृक आवास लाया गया, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बाद में पिपरी स्थित रिहंद डैम घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और रिमांड के दौरान आरोपी से हत्या के कारणों एवं घटनाक्रम के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।






