शादी समारोह में विवाद के बाद हंगामा, दूल्हे समेत कई लोगों को थाने ले जाने के आरोप पर ग्रामीणों का प्रदर्शन
शादी समारोह में विवाद के बाद हंगामा, दूल्हे समेत कई लोगों को थाने ले जाने के आरोप पर ग्रामीणों का प्रदर्शन
9:41 PM, May 25, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के गुरमा इलाके में एक शादी समारोह के दौरान हुए विवाद ने रविवार को बड़ा रूप ले लिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जिला कारागार से जुड़े एक अधिकारी के रिश्तेदारों के दबाव में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दूल्हा समेत कई लोगों को देर रात थाने ले गई। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने चोपन थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 10 बजे शादी समारोह के दौरान तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से धर्मेंद्र मौर्य (26) पुत्र राजेंद्र मौर्य गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि वाहन जिला जेल से जुड़े एक अधिकारी के रिश्तेदार चला रहे थे।बताया जा रहा है कि घटना के बाद मामला शांत होने के बजाय और बढ़ गया। ग्रामीणों के अनुसार रात करीब 11 बजे संबंधित पक्ष के कुछ लोग दोबारा बस्ती पहुंचे और कथित तौर पर दबाव बनाते हुए विवाद करने लगे। इस दौरान कहासुनी बढ़ने पर मारपीट की स्थिति बन गई। वहीं वाहन चालक के साथ भी मारपीट होने की बात सामने आ रही है।ग्रामीणों का आरोप है कि देर रात करीब 2:30 बजे पुलिस शादी वाले घर पहुंची और दूल्हा अजय कुमार, गुलाबी देवी, केतन, किरण समेत परिवार के कई लोगों को थाने ले गई। इस कार्रवाई से नाराज ग्राम प्रधान उधम सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण रविवार सुबह चोपन थाने पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया।ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।वहीं चोपन थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता ने बताया कि मामले में किसी को हिरासत में नहीं लिया गया था। पूछताछ के लिए कुछ लोगों को थाने लाया गया था, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है।उल्लेखनीय है कि दूल्हा अजय कुमार की बरात सोमवार रात जानी है, ऐसे में घटना को लेकर क्षेत्र में दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा।
यह भी पढ़ें






