संदीप पाल हत्याकांड का खुलासा , तीन अभियुक्त गिरफ्तार
संदीप पाल हत्याकांड का खुलासा , तीन अभियुक्त गिरफ्तार
8:30 PM, Jul 31, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र। रेनुकूट बस स्टैंड स्थित पान की दुकान के पास हुए विवाद के दौरान युवक के साथ मारपीट और बाद में उपचार के दौरान उसकी मौत के मामले में पिपरी पुलिस ने तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल की चाबी भी बरामद की है।पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई की रात करीब नौ बजे रेनुकूट बस स्टैंड स्थित पान की दुकान के पास संदीप पाल पुत्र भगवंता प्रसाद पाल निवासी रेनुकूट का कुछ लोगों से विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान संदीप पाल के साथ मारपीट की गई। इसी दौरान विशाल सिंह उर्फ बिट्टू ने अपनी टीवीएस मोटरसाइकिल की चाबी से संदीप के दाहिनी आंख और कान के बीच वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।घायल संदीप पाल को उपचार के लिए बीएचयू, वाराणसी रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई की तहरीर पर पिपरी थाने में मु0अ0सं0-143/2026 के तहत धारा 105 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देश पर वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के निर्देशन में थानाध्यक्ष पिपरी राजेश जी चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।शुक्रवार को चौकी प्रभारी रेनुकूट उ0नि0 जितेन्द्र सरोज पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और वांछित आरोपियों की तलाश में थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रेलवे रेनुकूट स्थित वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (रेलपथ) कार्यालय की बाउंड्री के पीछे पाइपलाइन जाने वाले मार्ग के पास से तीनों आरोपियों को सुबह 11:05 बजे गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय पाण्डेय पुत्र नरेन्द्र पाण्डेय, निवासी शिवा पार्क, वार्ड नंबर-08, रेनुकूट; वीर प्रताप सिंह उर्फ वीरू पुत्र जगजीत सिंह, निवासी हिण्डालको कॉलोनी, रेनुकूट; तथा विशाल सिंह उर्फ बिट्टू पुत्र शिवराम सिंह, निवासी गुरुद्वारा मंदिर के पास, रेनुकूट के रूप में हुई है।पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल की चाबी बरामद की गई। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजेश जी चौबे, चौकी प्रभारी रेनुकूट उ0नि0 जितेन्द्र सरोज, हे0का0 अमित सिंह, का0 अजीत कुमार और का0 सुनील राम शामिल रहे।
यह भी पढ़ें






