दुद्धी कोर्ट परिसर में एक-दूजे के हुए सविता और श्याम बिहारी, सात जन्मों तक साथ निभाने का लिया संकल्प
दुद्धी कोर्ट परिसर में एक-दूजे के हुए सविता और श्याम बिहारी, सात जन्मों तक साथ निभाने का लिया संकल्प
8:24 PM, Jun 22, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Jitendra Kumar chandrwanshi

परिजनों की मौजूदगी में नोटरी मैरिज की औपचारिकताएं पूरी, नवदंपति को मिला बड़ों का आशीर्वाद
दुद्धी, सोनभद्र। मुंसिफ कोर्ट परिसर दुद्धी में सोमवार को एक अनूठे और भावुक पल का साक्षी बना, जब झारखंड की सविता और सोनभद्र के श्याम बिहारी ने परिजनों की सहमति एवं आशीर्वाद के साथ वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की। दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर सात जन्मों तक साथ निभाने का संकल्प लिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार सविता (22 वर्ष), पुत्री विंध्याचल प्रसाद, निवासी ग्राम कामत, पोस्ट हरिगंवर, थाना मझियाव, जनपद गढ़वा (झारखंड) तथा श्याम बिहारी (33 वर्ष), पुत्र बबलू प्रसाद, निवासी ग्राम परनी, पोस्ट म्योरपुर, जनपद सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) अपने-अपने माता-पिता एवं परिजनों के साथ मुंसिफ कोर्ट परिसर स्थित अधिवक्ता कैलाश कुमार गुप्ता के कार्यालय पहुंचे।
दोनों पक्षों के परिजनों ने आपसी सहमति से वैवाहिक संबंध को विधिक स्वरूप प्रदान करने का निर्णय लिया और अधिवक्ता कैलाश कुमार गुप्ता के समक्ष आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई। इसके उपरांत नोटरी मैरिज की औपचारिकताओं के दौरान वर-वधू ने एक-दूसरे को माला पहनाई तथा मिठाई खिलाकर अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत की।
यह भी पढ़ें
इस अवसर पर नवदंपति ने अपने माता-पिता एवं बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं भारतीय परंपरा के अनुरूप वर पक्ष के पिता बबलू प्रसाद एवं कन्या पक्ष के पिता विंध्याचल प्रसाद ने एक-दूसरे को गले लगाकर रिश्ते की गरिमा और पारिवारिक सौहार्द का परिचय दिया।इस खुशनुमा अवसर के साक्षी अधिवक्ता आशीष जायसवाल, माइकल आजाद एडवोकेट सहित दोनों पक्षों के दर्जनों परिजन मौजूद रहे। सभी ने नवदंपति को सुखद, सफल एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।






