ससुराल में दंपति की मौत से सनसनी: पति फंदे से लटका मिला, पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
ससुराल में दंपति की मौत से सनसनी: पति फंदे से लटका मिला, पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
9:54 AM, Jun 24, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Ved vyas singh maurya

रायपुर (सोनभद्र)। रायपुर थाना क्षेत्र के रायपुर गांव में मंगलवार रात एक दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पति का शव फांसी के फंदे से लटका मिला, जबकि पत्नी का शव चारपाई पर पड़ा हुआ था। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, ग्राम गुरौटी थाना पन्नूगंज निवासी 30 वर्षीय विकास अपनी 27 वर्षीय पत्नी आरती और करीब चार वर्षीय पुत्र के साथ मंगलवार को बाइक से रायपुर स्थित अपने ससुराल आया था। बुधवार सुबह जब गांव की महिलाओं ने घर के लोगों को आवाज लगाई और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि विकास का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ था, जबकि उसकी पत्नी आरती चारपाई पर मृत अवस्था में पड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला का एक पैर चारपाई के नीचे था तथा उसके मुंह और नाक से सफेद झाग निकल रहा था।ग्रामीणों के अनुसार, घटना से पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने की चर्चा है। हालांकि पुलिस ने किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है। घटनास्थल की परिस्थितियों को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।रायपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विमलेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जाएगी। मृतकों के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।घटना का सबसे मार्मिक पक्ष यह है कि दंपति का लगभग चार वर्षीय पुत्र घर में मौजूद मिला। वह सदमे की स्थिति में है और घटना के संबंध में कुछ भी बताने में असमर्थ है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें






