Sonbhadra News : सामूहिक दुष्कर्म के प्रयास और मारपीट का आरोप, पीड़ित परिवार ने कार्रवाई की मांग की.
परिवार का आरोप है कि वहां चार युवक बालिका को जबरन ले जाने का प्रयास कर रहे थे। विरोध करने पर बालिका और उसकी मां के साथ मारपीट की गई।
sonbhadra
1:38 PM, Jun 10, 2026
Share:
Edited By: Ashish Gupta , Reported By: Vedvyas Singh Maurya

Photo : Sonprabhat News
सोनभद्र जिले के वैनी निवासी एक परिवार ने नाबालिग बालिका के साथ कथित रूप से दुष्कर्म के प्रयास, मारपीट तथा जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना के संबंध में दिए गए प्रार्थना पत्र पर अभी तक उनकी अपेक्षा के अनुरूप कार्रवाई नहीं हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वैनी निवासी मोहम्मद जलील अपनी पत्नी एवं बेटियों के साथ थाना रामपुर बरकोनिया क्षेत्र के मंठहवा गांव में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। पीड़ित परिवार के अनुसार, रात लगभग 10 बजे उनकी नाबालिग बेटी शौच के लिए घर से कुछ दूरी पर गई थी। काफी देर तक वापस न लौटने पर उसकी मां उसे खोजने पहुंची।
परिवार का आरोप है कि वहां चार युवक बालिका को जबरन ले जाने का प्रयास कर रहे थे। विरोध करने पर बालिका और उसकी मां के साथ मारपीट की गई। शोर सुनकर पहुंचे मोहम्मद जलील के साथ भी कथित रूप से मारपीट की गई। घटना के दौरान आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद पुलिस सहायता के लिए डायल-112 पर सूचना दी गई।

Photo : Sonbhadra News
विज्ञापन
पीड़ित परिवार का कहना है कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपियों द्वारा धमकी और मारपीट का सिलसिला जारी रहा। परिवार के अनुसार, घटना के दौरान बालिका की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई।
यह भी पढ़ें
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि बाद में समझौते का दबाव बनाया गया, जबकि वे कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने संबंधित पुलिस थाने में प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
प्रार्थना पत्र में चानू पुत्र इदरीश, इमरान पुत्र चानू, मोइन (पिता का नाम अज्ञात) निवासी रामगढ़ तथा आबिद पुत्र लतीफ निवासी मंठहवा को नामजद किए जाने की बात कही गई है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के विरुद्ध दुष्कर्म के प्रयास, मारपीट तथा जान से मारने की धमकी से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
इस संबंध में पुलिस का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका था। मामले में पुलिस जांच एवं आधिकारिक कार्रवाई के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।
नोट: समाचार पीड़ित पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों और उपलब्ध प्रार्थना पत्र के आधार पर प्रकाशित किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है और आरोप सिद्ध होना शेष है।






