थाईलैंड में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे सोनभद्र के रवि सिंह, डीएम-एसपी समेत हिण्डालको प्रबंधन ने दी शुभकामनाएं
थाईलैंड में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे सोनभद्र के रवि सिंह, डीएम-एसपी समेत हिण्डालको प्रबंधन ने दी शुभकामनाएं
8:00 PM, Jul 27, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

रेणुकूट (सोनभद्र)। जनपद सोनभद्र के रेणुकूट निवासी एवं हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड के बॉयलर को-जनरेशन विभाग में कार्यरत ताइक्वांडो खिलाड़ी रवि सिंह बुधवार को भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए थाईलैंड के पटाया शहर रवाना हो गए। वह 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाली 9वीं हीरोज़ ताईक्वानडो इंटरनेशनल चैंपियनशिप-2026 में पुरुष वर्ग के अंडर-58 किलोग्राम भार वर्ग में भारत की ओर से चुनौती पेश करेंगे। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दुनिया के करीब 30 देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
रवि सिंह इससे पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का नाम रोशन कर चुके हैं। उन्होंने यूरोप के रोमानिया में आयोजित प्रतियोगिता में रजत पदक तथा नेपाल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया था। उनकी इन उपलब्धियों ने उन्हें देश के उभरते हुए अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों में विशेष पहचान दिलाई है।
थाईलैंड रवाना होने से पहले रवि सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि देश के लिए खेलना हर खिलाड़ी का सपना होता है और वह पूरी मेहनत, लगन व समर्पण के साथ बेहतर प्रदर्शन कर भारत, उत्तर प्रदेश और सोनभद्र का नाम रोशन करने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरु और स्वर्गीय पिता सहित अपने परिवार के मार्गदर्शन, संस्कार और आशीर्वाद को दिया।
रवि सिंह के थाईलैंड रवाना होने पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी तथा जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।
वहीं हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के यूनिट प्रमुख समीर नायक, क्लस्टर एचआर हेड जसबीर सिंह, एचआर हेड अजय सिन्हा तथा बॉयलर को-जनरेशन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों ने भी रवि सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और स्वर्णिम सफलता की शुभकामनाएं दीं।
रवि सिंह की इस उपलब्धि से रेणुकूट सहित पूरे सोनभद्र जिले में हर्ष का माहौल है। अब जिले के खेल प्रेमियों और देशवासियों की निगाहें थाईलैंड में होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां सभी को उम्मीद है कि रवि सिंह एक बार फिर शानदार प्रदर्शन कर भारत के लिए पदक जीतकर तिरंगे का मान बढ़ाएंगे।
यह भी पढ़ें






