संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत जनपदभर में चला विशेष स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान
संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत जनपदभर में चला विशेष स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान
7:47 PM, Jul 11, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में शनिवार को जनपदभर में संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में साफ-सफाई, नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, खराब हैंडपंपों का चिन्हांकन एवं मरम्मत सहित विभिन्न गतिविधियां संचालित की गईं। उच्च जोखिम वाले ग्रामों में माइक्रोप्लान के अनुसार विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।अभियान में सफाईकर्मियों, पंचायत सहायकों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ ग्राम प्रधानों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस दौरान जनपद के 37 विद्यालयों में संचारी रोग जागरूकता रैलियां निकाली गईं, जबकि ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों द्वारा 24 प्रभात फेरियां आयोजित की गईं। इसके अलावा ग्राम पंचायत अधिकारियों ने दो ग्राम सभाओं में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को स्वच्छता और रोगों की रोकथाम के उपायों की जानकारी दी।अभियान के अंतर्गत विभिन्न गांवों में नालियों की सफाई और झाड़ियों की कटाई के साथ 73 हैंडपंपों की मरम्मत, 36 हैंडपंप चबूतरों की मरम्मत तथा तीन शौचालयों का निर्माण कराया गया। वहीं नगर पंचायत क्षेत्रों में 26 स्थानों पर नालियों की सफाई कराई गई और पांच नगरीय वार्डों में फॉगिंग कर मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के प्रयास किए गए।इसके अलावा पशुपालकों को पशुओं में होने वाले संचारी रोगों की रोकथाम के संबंध में जागरूक किया गया तथा कृतंक (चूहा) नियंत्रण के लिए दो बैठकों का आयोजन भी किया गया। प्रशासन ने लोगों से स्वच्छता बनाए रखने, जलभराव से बचने तथा संचारी रोगों के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की।
यह भी पढ़ें






