तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराई, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर हालत में रेफर
सोनभद्र में तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराई, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर हालत में रेफर
8:04 AM, Jul 8, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Anil Kumar agrahari

सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के पटवध गांव स्थित अमिला मोड़ (पटवध तिराहा) पर मंगलवार देर शाम करीब 8:30 बजे तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।मृतक की पहचान शाहनवाज हुसैन पुत्र निसार अली, निवासी थाना पन्नूगंज क्षेत्र के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल 24 वर्षीय अंकित गुप्ता पुत्र सोनू गुप्ता, निवासी रामगढ़, थाना पन्नूगंज, के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज दिया, जहां उसका इलाज जारी है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक काफी तेज रफ्तार में थी। पटवध तिराहे के पास चालक का संतुलन बिगड़ने से बाइक सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए।सूचना मिलते ही चोपन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोढ़ी स्थित मोर्चरी हाउस भेज दिया है।पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और बाइक का अनियंत्रित होना सामने आया है। मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें






