पीएम श्री विद्यालयों के विद्यार्थियों ने किया राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज का शैक्षिक भ्रमण
सोनभद्र,30 सितंबर। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय चोपन एवं पीएम श्री नवोदय विद्यालय, सोनभद्र के विद्यार्थियों को नवाचार, तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान एवं उद्यमिता की व्यावहारिक जानकारी देने के उद्देश्य से बुधवार को राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, सोनभद्र का शैक्षिक भ्रमण कराया गया।
4:45 PM, Sep 30, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Sanjay singh

नवाचार, तकनीकी शिक्षा और उद्यमिता की दी गई व्यावहारिक जानकारी
सोनभद्र, 30 सितंबर। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय चोपन एवं पीएम श्री नवोदय विद्यालय, सोनभद्र के विद्यार्थियों को नवाचार, तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान एवं उद्यमिता की व्यावहारिक जानकारी देने के उद्देश्य से बुधवार को राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, सोनभद्र का शैक्षिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने महाविद्यालय की विभिन्न प्रयोगशालाओं, तकनीकी सुविधाओं तथा नवाचार एवं उद्यमिता से जुड़ी गतिविधियों का अवलोकन किया।भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग शिक्षा के विभिन्न आयामों, आधुनिक तकनीकों, प्रयोगशाला आधारित अध्ययन तथा विचारों को उपयोगी प्रोटोटाइप एवं व्यावहारिक समाधानों में बदलने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने तकनीकी एवं नवाचार संबंधी गतिविधियों में रुचि दिखाते हुए विशेषज्ञों से संवाद भी किया।इस अवसर पर डॉ. प्रशांत पाण्डेय एवं डॉ. वी.पी. सिंह ने नवाचार एवं विचार सृजन विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान दिया। उन्होंने समस्या की पहचान, नए विचारों के सृजन, रचनात्मक सोच, विचारों के परीक्षण तथा उन्हें नवाचार के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया समझाई। विद्यार्थियों को आसपास की समस्याओं को अवसर के रूप में देखते हुए उनके तकनीकी एवं रचनात्मक समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में उपप्राचार्य यू.पी. शुक्ला, आलोक कुमार श्रीवास्तव, डॉ. डी.के. त्रिपाठी, इन्क्यूबेशन प्रभारी डॉ. पी.के. वर्मा, डॉ. विकास तिवारी, संतोष गुप्ता, संजय, पूनम, डॉ. भावना अरोड़ा, डॉ. सिकंदर एवं इन्क्यूबेशन मैनेजर आशीष श्रीवास्तव सहित अन्य लोगों का सहयोग रहा। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर तकनीकी शिक्षा, नवाचार, स्टार्टअप एवं करियर के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी।राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक प्रो. के.एस. वर्मा ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों को कक्षा की पढ़ाई से आगे बढ़कर प्रयोगात्मक ज्ञान हासिल करने तथा तकनीकी एवं नवाचार की वास्तविक दुनिया को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से जिज्ञासा, रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।पीएम श्री नवोदय विद्यालय, सोनभद्र के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने शैक्षिक भ्रमण एवं विशेषज्ञ व्याख्यान के आयोजन के लिए राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज का आभार जताया। विद्यार्थियों ने भ्रमण को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में नवाचार और तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने की इच्छा व्यक्त की।
यह भी पढ़ें






