जिलाधिकारी के निर्देश पर कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरियों का औचक फायर सुरक्षा निरीक्षण
जिलाधिकारी के निर्देश पर कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरियों का औचक फायर सुरक्षा निरीक्षण
8:13 PM, Jun 23, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर अग्निशमन विभाग की टीम ने मंगलवार को जनपद के विभिन्न कोचिंग संस्थानों एवं लाइब्रेरियों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन की स्थिति का जायजा लिया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।अग्निशमन विभाग की टीम ने रॉबर्ट्सगंज स्थित युवा डिजिटल लाइब्रेरी एवं शिफ्ट कंप्यूटर क्लासेस, ओबरा स्थित पूनम तनेजा मेमोरियल क्लासेस, स्काई कोचिंग सेंटर और भाभा कोचिंग सेंटर, जबकि दुद्धी क्षेत्र में द विजडम लाइब्रेरी, जया डिजिटल लाइब्रेरी तथा सक्सेस लाइब्रेरी का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान संस्थान संचालकों को अग्निशमन यंत्रों को सदैव क्रियाशील स्थिति में रखने, आपातकालीन निकास मार्गों को अवरोधमुक्त बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अग्नि सुरक्षा संबंधी सभी मानकों का शत-प्रतिशत पालन करने पर बल दिया गया।जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि जनपद के सभी कोचिंग संस्थान एवं लाइब्रेरी शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों और नियमों के अनुरूप संचालित हों। विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह भी पढ़ें
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा मानकों की नियमित जांच आगे भी जारी रहेगी। यदि किसी संस्थान में अग्नि सुरक्षा संबंधी मानकों की अनदेखी या लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।






