जंगल में मवेशी चरा रहे किशोर की वज्रपात से मौत, परिजनों में मचा कोहराम
जंगल में मवेशी चरा रहे किशोर की वज्रपात से मौत, परिजनों में मचा कोहराम
9:05 PM, Jul 3, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

मांची थाना क्षेत्र के सथारी गांव में दर्दनाक हादसा, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सोनभद्र के मांची थाना क्षेत्र अंतर्गत सथारी गांव में गुरुवार दोपहर जंगल में मवेशी चरा रहे 16 वर्षीय किशोर की आकाशीय बिजली (वज्रपात) की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार सथारी गांव निवासी लक्ष्मण यादव का 16 वर्षीय पुत्र छोटू यादव गुरुवार दोपहर करीब दो बजे घर से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में मवेशी चरा रहा था। उसके साथ गांव के अन्य चरवाहे भी मौजूद थे। इसी दौरान मौसम अचानक बदल गया और हल्की बारिश के साथ तेज गर्जना एवं बिजली चमकने लगी।बारिश और बिजली से बचने के लिए सभी चरवाहे पास के पेड़ की ओर भागने लगे, लेकिन तभी अचानक हुए वज्रपात की चपेट में छोटू यादव आ गया। आकाशीय बिजली गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ मौजूद अन्य चरवाहे बाल-बाल बच गए।घटना के बाद अन्य चरवाहों ने तत्काल मृतक के परिजनों और पनौरा पुलिस चौकी को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार को परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, जहां पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था।गांव में इस हृदयविदारक घटना के बाद शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ें






