Accident:जाम में खड़ी बस के परिचालक को ट्रक ने रौंदा, पांच घंटे बाद निकाला गया शव
सोनभद्र। पिपरी थाना क्षेत्र के मुर्धवा-हाथीनाला मार्ग पर गुरुवार देर रात जाम के बीच दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अंबिकापुर से रेणुकूट जा रही निजी बस के परिचालक को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक सड़क किनारे खाई में पलट गया और उसके नीचे दबकर परिचालक की मौके पर ही मौत हो गई।
7:49 PM, Sep 11, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र। पिपरी थाना क्षेत्र के मुर्धवा-हाथीनाला मार्ग पर गुरुवार देर रात जाम के बीच दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अंबिकापुर से रेणुकूट जा रही निजी बस के परिचालक को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक सड़क किनारे खाई में पलट गया और उसके नीचे दबकर परिचालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने हिंडाल्को की क्रेन की मदद से करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शुक्रवार भोर लगभग चार बजे शव को बाहर निकाला।पिपरी थाना प्रभारी राजेश चौबे के अनुसार, मृतक की पहचान गुल हसन (58) पुत्र मोहम्मद इजराइल, निवासी प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। वह अंबिकापुर से रेणुकूट के बीच संचालित निजी बस में परिचालक के रूप में काम करता था।
बताया गया कि गुरुवार रात मुर्धवा से हाथीनाला के बीच वाहनों की लंबी कतार लगी थी। यातायात को नियंत्रित करने के लिए मुर्धवा मोड़ पर भारी वाहनों को रोक दिया गया था। इसके कारण करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया था।रात करीब 11 बजे अंबिकापुर की ओर से निजी बस भी जाम में पहुंच गई। जाम के कारण चालक ने बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इसी दौरान परिचालक गुल हसन बस के पीछे की ओर चला गया। तभी पीछे से तेज गति से आ रहा ट्रक अनियंत्रित होकर बस के पास पहुंचा और गुल हसन को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे खाई में पलट गया।ट्रक की चपेट में आने के बाद परिचालक उसके नीचे दब गया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें
पुलिस और अन्य लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन ट्रक के नीचे दबे परिचालक को निकालना आसान नहीं था।इसके बाद हिंडाल्को की क्रेन मंगाई गई। करीब पांच घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शुक्रवार भोर लगभग चार बजे ट्रक को हटाकर गुल हसन का शव बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।






