पिता की मौत के बाद संभाल रहा था परिवार, अब झाड़ियों में मिला शव
जोरूखाड़ में झाड़ियों में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका से क्षेत्र में सनसनी
7:29 PM, Jun 4, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Jitendra Kumar chandrwanshi

विंढमगंज/सोनभद्र। दुद्धी विकासखंड के महुली क्षेत्र अंतर्गत विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरूखाड़ टोला बगबियानी में गुरुवार सुबह एक युवक का शव सड़क किनारे झाड़ियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रजनि कांत (25 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय अश्विनी कुमार निवासी पतरिहा के रूप में हुई है। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा देखा। पास जाकर पहचान करने पर मृतक की पहचान रजनि कांत के रूप में हुई। इसके बाद तत्काल विंढमगंज पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक के सिर के पिछले हिस्से तथा गर्दन पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान पाए गए हैं। पुलिस हत्या सहित अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।बताया जाता है कि रजनि कांत ने पॉलिटेक्निक की पढ़ाई पूरी की थी। वह दो भाइयों में बड़ा था। करीब एक वर्ष पूर्व बीमारी के कारण उसके पिता अश्विनी कुमार का निधन हो गया था, जिसके बाद परिवार की जिम्मेदारी उसके कंधों पर आ गई थी। युवक की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें






