सील तोड़कर संचालित हो रहा अस्पताल फिर हुआ सीज, कोन-दुद्धी में चार अस्पतालों पर बड़ी कार्रवाई
सील तोड़कर संचालित हो रहा अस्पताल फिर हुआ सीज, कोन-दुद्धी में चार अस्पतालों पर बड़ी कार्रवाई
8:08 PM, Jun 24, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर अवैध एवं बिना मान्यता संचालित अस्पतालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग, प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने कोन एवं दुद्धी क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान पूर्व में सील किए गए एक अस्पताल का ताला तोड़कर पुनः संचालन किए जाने का मामला सामने आया, जिस पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अस्पताल को दोबारा सीज कर दिया।मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देशन में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गुलाब शंकर, संबंधित उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं पुलिस बल की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के विभिन्न अस्पतालों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान भरत हॉस्पिटल एवं ग्लोबल हॉस्पिटल पूर्व से सील अवस्था में पाए गए।वहीं दुद्धी स्थित के.एम. हॉस्पिटल तथा नेशनल हॉस्पिटल में आवश्यक अभिलेखों एवं वैधानिक मानकों की जांच के बाद अनियमितताएं पाए जाने पर दोनों अस्पतालों को सीज कर दिया गया। जबकि राधा रानी हॉस्पिटल नाम से कोई चिकित्सालय मौके पर संचालित नहीं मिला।संयुक्त टीम को कोन स्थित इंडियन हॉस्पिटल में गंभीर अनियमितता मिली।
अस्पताल को पूर्व में स्वास्थ्य विभाग द्वारा सील किया गया था, लेकिन निरीक्षण के दौरान उसका ताला तोड़कर पुनः संचालन किया जाना पाया गया। इस पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गुलाब शंकर, संबंधित उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी की मौजूदगी में पुलिस बल के सहयोग से अस्पताल को तत्काल पुनः सीज कर दिया गया।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले तथा बिना वैधानिक अनुमति संचालित अस्पतालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि आमजन को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और मानक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।






