हथवानी मोड़ पर तीन वाहनों की भिड़ंत से घंटों ठप रहा वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग, रातभर चला राहत अभियान
हथवानी मोड़ पर तीन वाहनों की भिड़ंत से घंटों ठप रहा वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग, रातभर चला राहत अभियान
7:41 PM, Jun 21, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Anil Kumar agrahari

हाथीनाला (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत हथवानी मोड़ के पास शनिवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों के कारण वाराणसी-शक्तिनगर राज्य मार्ग घंटों तक बाधित रहा। पुलिस और प्रशासन को यातायात बहाल करने के लिए पूरी रात राहत एवं बचाव अभियान चलाना पड़ा।जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह रेणुकूट की ओर जा रहे कोयला लदे ट्रेलर ने सामने से आ रहे डीजल लोड टैंकर को तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। हादसे के बाद मार्ग पर लगभग एक घंटे तक जाम लगा रहा। सूचना मिलने पर हाथीनाला पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की सहायता से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराया।हालांकि कुछ ही देर बाद उसी स्थान पर खड़े क्षतिग्रस्त ट्रेलर में हाथीनाला की ओर से आ रहे एक हाइवा ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। इस हादसे में ट्रेलर चालक सुरक्षित बच गया, लेकिन मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उदयभान राव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जाम में फंसे वाहनों को निकालने के लिए पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों का सहारा लिया। कुछ वाहनों को हथवानी गांव के रास्ते डायवर्ट किया गया, जबकि अन्य वाहनों को रेणुकूट-मुर्धवा मोड़, रनटोला और दुद्धी मार्ग होते हुए हाथीनाला की ओर भेजा गया।थाना प्रभारी उदयभान राव ने पुलिस टीम के साथ पूरी रात मोर्चा संभाले रखा। कड़ी मशक्कत और क्रेन की मदद से एक-दूसरे में फंसे टैंकर, ट्रेलर और हाइवा को अलग-अलग कर सड़क से हटाया गया। इसके बाद रविवार सुबह मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।स्थानीय लोगों का कहना है कि हथवानी मोड़ पर लगातार हो रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। लोगों ने इस क्षेत्र में यातायात सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें






