विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना: पारंपरिक कारीगरों से आवेदन आमंत्रित, मिलेगा निःशुल्क प्रशिक्षण और आधुनिक टूलकिट
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना: पारंपरिक कारीगरों से आवेदन आमंत्रित, मिलेगा निःशुल्क प्रशिक्षण और आधुनिक टूलकिट
5:38 PM, Jul 10, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सोनभद्र, 10 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद सोनभद्र के पारंपरिक कारीगरों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार चौधरी ने बताया कि योजना का उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर उनके स्वरोजगार को बढ़ावा देना है।उन्होंने बताया कि योजना के तहत बढ़ई, नाई, दर्जी, कुम्हार, लोहार, टोकरी बुनकर, राजमिस्त्री, हलवाई, मोची एवं धोबी सहित विभिन्न पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े कारीगरों को 10 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद लाभार्थियों को उनके व्यवसाय के अनुरूप आधुनिक टूलकिट भी उपलब्ध कराई जाएगी।योजना का लाभ लेने के इच्छुक अभ्यर्थी 11 सितंबर, 2026 तक विभागीय पोर्टल diupmsme.upsdc.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।आवेदन के लिए पासपोर्ट आकार का फोटो, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति, आयु प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र तथा आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए जाति प्रमाण पत्र आवश्यक होगा। शिक्षित अभ्यर्थी अपने शैक्षिक एवं तकनीकी योग्यता के प्रमाण पत्र भी संलग्न कर सकते हैं।योजना के लिए आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है तथा उसका जनपद सोनभद्र का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। संबंधित ट्रेड से जुड़े होने का प्रमाण पत्र नगर पंचायत, नगर पालिका, नगर निगम अथवा ग्राम प्रधान/वार्ड सदस्य द्वारा जारी होना चाहिए। इसके अतिरिक्त ₹10 के स्टाम्प पेपर पर नोटरीकृत शपथ पत्र देना होगा, जिसमें यह उल्लेख हो कि आवेदक अथवा उसके परिवार के किसी सदस्य ने पूर्व में इस योजना के तहत प्रशिक्षण, टूलकिट या मानदेय का लाभ प्राप्त नहीं किया है।योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी किसी भी कार्यदिवस में जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र, सोनभद्र में सहायक आयुक्त उद्योग विजय कुमार एवं कृष्ण कुमार से संपर्क कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें






