बारिश के दौरान कच्चे मकान की दीवार गिरी, पांच वर्षीय मासूम की मौत
बारिश के दौरान कच्चे मकान की दीवार गिरी, पांच वर्षीय मासूम की मौत
7:49 PM, Jul 6, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

चोपन। सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र अंतर्गत सलखन बाजार में सोमवार शाम तेज बारिश के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में पांच वर्षीय बालिका की मौत हो गई। बारिश से बचने के लिए कच्चे मकान में बैठी मासूम पर अचानक मिट्टी की दीवार गिर गई। गंभीर रूप से घायल बालिका ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।जानकारी के अनुसार, सलखन निवासी गुड्डू की पांच वर्षीय पुत्री आंशी सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे तेज बारिश से बचने के लिए घर के पास प्लास्टिक से ढके एक जर्जर कच्चे मकान में बैठी थी। इसी दौरान मकान की मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर उसके ऊपर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।बालिका की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। मलबा हटाकर उसे तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही चोपन पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। मासूम की असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र में कई कच्चे और जर्जर मकान खतरे की स्थिति में हैं। इस हादसे ने ऐसे मकानों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जर्जर मकानों का सर्वे कर आवश्यक सुरक्षा एवं राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें






