सांप के डसने से महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम
सांप के डसने से महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम
8:40 PM, Jun 17, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

अस्पताल पहुंचने से पहले थम गईं सांसें,पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घोरावल (सोनभद्र)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के उभ्भा चौकी अंतर्गत बभनी गांव में सांप के डसने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।जानकारी के अनुसार कन्हारी ग्राम पंचायत के बभनी गांव निवासी महाराजी गोंड (55 वर्ष) पत्नी स्वर्गीय मोतीलाल बुधवार दोपहर अपने घर के पीछे लिपाई-पुताई का कार्य कर रही थीं। इसी दौरान पास में स्थित एक बिल से निकले विषैले सर्प ने उन्हें डस लिया। महिला के चीखने-चिल्लाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल उपचार के लिए आसपास के चिकित्सकों के पास ले गए, लेकिन तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी।इसके बाद परिजन एंबुलेंस की सहायता से महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से घटना की सूचना पुलिस एवं राजस्व विभाग को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज भेज दिया।प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि कन्हारी ग्राम पंचायत के बभनी गांव में विषैले जीव के काटने से एक महिला की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें






