नमो घाट पर गार्डों की कथित पिटाई से सोनभद्र के 17 वर्षीय किशोर की मौत, चार हिरासत में, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
नमो घाट पर गार्डों की कथित पिटाई से सोनभद्र के 17 वर्षीय किशोर की मौत, चार हिरासत में, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
1:07 PM, May 24, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

वाराणसी के प्रसिद्ध नमो घाट पर रविवार तड़के सोनभद्र से घूमने आए युवकों के साथ कथित तौर पर सिक्योरिटी गार्डों द्वारा की गई मारपीट में 17 वर्षीय राजेश उर्फ चिंटू की मौत हो गई, जबकि उसके चार साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद घाट परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में चार सिक्योरिटी गार्डों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।मृतक राजेश उर्फ चिंटू पुत्र झुन्नू जायसवाल, सोनभद्र जिले के रायपुर थाना क्षेत्र के खलियारी गांव का निवासी था। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। बड़े भाई का नाम अंकित जायसवाल और छोटे भाई का नाम मिंटू बताया गया है।परिजनों और घायलों के अनुसार, राजेश अपने साथियों शिवजी, बृजेश, अंगद और रोहित के साथ शनिवार रात करीब आठ बजे गांव से वाराणसी घूमने के लिए निकला था। सभी युवक रविवार तड़के करीब तीन बजे नमो घाट पहुंचे।आरोप है कि नमो घाट के गेट नंबर-1 पर मौजूद सिक्योरिटी गार्डों ने घाट बंद होने की बात कहते हुए युवकों को रोक दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई। आरोप है कि विरोध के बाद युवक वापस लौटने लगे, तभी 10 से 12 गार्डों ने उन्हें घेर लिया।पीड़ित पक्ष का आरोप है कि गार्डों ने डंडे, रॉड और बेल्ट से करीब दस मिनट तक युवकों की बेरहमी से पिटाई की। मारपीट के दौरान राजेश उर्फ चिंटू गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। वहीं शिवजी, बृजेश, अंगद और रोहित भी गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर आदमपुर विमल मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने राजेश उर्फ चिंटू को मृत घोषित कर दिया एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। मामले में चार सिक्योरिटी गार्डों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। मारपीट में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
यह भी पढ़ें






