घर के बाहर चारपाई पर सो रहे युवक को डंपर ने कुचला, दर्दनाक मौत से कस्बे में मातम
घर के बाहर चारपाई पर सो रहे युवक को डंपर ने कुचला, दर्दनाक मौत से कस्बे में मातम
8:44 PM, May 29, 2026
Share:
Edited By: Shaktipal , Reported By: Son prabhat live

सड़क निर्माण कार्य में लगी डंपर अनलोडिंग के बाद लौटते समय हुआ हादसा, अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्जघोरावल (सोनभद्र)। घोरावल कस्बे के वार्ड नंबर 10 में गुरुवार की रात एक दर्दनाक हादसे में घर के बाहर चारपाई पर सो रहे युवक की डंपर से कुचलकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार सिकन्दर सोनकर (28) पुत्र स्वर्गीय पप्पू सोनकर रात लगभग 9:30 बजे अपने घर के बाहर चारपाई पर लेटा हुआ था। उसी दौरान नगर पंचायत क्षेत्र में बन रही सड़क के लिए बालू सोलिंग लेकर एक डंपर पहुंची थी। डंपर चालक ने मटेरियल अनलोड करने के बाद वाहन को वापस मोड़ा, तभी लापरवाही के चलते डंपर का पहिया चारपाई पर चढ़ गया और सिकन्दर के सिर को बुरी तरह कुचलते हुए निकल गया।हादसे में चारपाई पूरी तरह टूट गई और युवक खून से लथपथ उसी में फंसा रह गया। पास में मौजूद दूसरे युवक ने शोर मचाया, लेकिन तब तक डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो चुका था। चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी गई और घायल युवक को क्षतिग्रस्त चारपाई समेत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक सिकन्दर मंडी में फल बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। घटना के बाद परिवार समेत रिश्तेदारों में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज घोरावल त्रिभुवन राय अस्पताल पहुंचे और आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए पंचायतनामा भरवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस के अनुसार मृतक के भाई पंकज सोनकर की तहरीर पर अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें






